शहरों में सुबह-शाम सड़क किनारे वॉक, जॉगिंग और रनिंग करना आम बात है। लेकिन व्यस्त सड़कों पर पैदल चलना या दौड़ना कई बार खतरनाक साबित हो सकता है। तेज रफ्तार वाहन, फुटपाथ की कमी, कम रोशनी, आवारा कुत्ते और बढ़ता प्रदूषण पैदल चलने वालों के लिए जोखिम बढ़ा सकते हैं। ऐसे में अगर आपके आसपास वॉक या रनिंग के लिए पार्क और ट्रैक की सुविधा नहीं है और आपको सड़क किनारे ही जाना पड़ता है, तो कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।
आने वाले ट्रैफिक की तरफ मुंह करके चलें
सड़क किनारे वॉक या रनिंग करते समय हमेशा यातायात की विपरीत दिशा में चलने की कोशिश करें। यानी आपका चेहरा सामने से आने वाले वाहनों की ओर होना चाहिए। इससे आपको वाहन के नजदीक आने का अंदाजा पहले ही हो सकता है और जरूरत पड़ने पर आप सुरक्षित जगह की ओर हट सकते हैं।
जहां तक संभव हो, दिन निकलने के बाद या पर्याप्त रोशनी में ही वॉक करें। अगर सुबह बहुत जल्दी या शाम के समय निकल रहे हैं तो रिफ्लेक्टिव कपड़े, क्लिप-ऑन लाइट या हल्की हेडलाइट का इस्तेमाल करना बेहतर है।
नॉइज कैंसिलिंग हेडफोन से बचें
वॉक या रनिंग के दौरान तेज संगीत सुनना आपकी सुरक्षा के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। नॉइज-कैंसलिंग या इन-ईयर हेडफोन लगाने से आसपास आने वाले वाहनों के हॉर्न, बाइक की आवाज या किसी जानवर की आहट सुनाई नहीं दे सकती।
इसलिए सड़क पर चलते समय आसपास की आवाजों पर ध्यान देना जरूरी है। अगर हेडफोन लगाना ही है तो ऐसा विकल्प चुनें जिसमें बाहरी आवाजें सुनाई देती रहें। एक कान को पूरी तरह खुला रखना भी सुरक्षा के लिहाज से बेहतर हो सकता है।
आवारा कुत्तों से सामना हो तो न भागें
सड़क किनारे दौड़ते समय कई जगह आवारा कुत्तों का सामना भी हो सकता है। अगर कोई कुत्ता आक्रामक तरीके से आपकी ओर बढ़ता है तो अचानक भागने या तेज आवाज करने से बचें। अपनी रफ्तार कम करें और धीरे-धीरे आगे बढ़ें।
कुत्ते की आंखों में लगातार देखने से भी बचना चाहिए। अगर किसी इलाके में आवारा कुत्तों का झुंड रहता है तो उस रास्ते से बचना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है।
समय और रास्ते का सही चुनाव करें
वॉक या रनिंग के लिए निकलने से पहले रास्ते की स्थिति और आसपास के वातावरण का ध्यान रखें। बहुत व्यस्त सड़क, तेज ट्रैफिक वाले मार्ग या खराब रोशनी वाले रास्ते को चुनने से बचें। संभव हो तो ऐसा रास्ता चुनें जहां फुटपाथ, सर्विस रोड या पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह हो।
इसके अलावा सुबह के समय हवा की गुणवत्ता भी देखना जरूरी है। अगर प्रदूषण का स्तर ज्यादा है तो बाहर लंबे समय तक दौड़ने या तेज वॉक करने से बचें। खराब एयर क्वालिटी सांस से जुड़ी परेशानियों और हृदय संबंधी जोखिम को बढ़ा सकती है।
सुरक्षा को दें सबसे ज्यादा प्राथमिकता
सड़क पर वॉक या रनिंग करते समय फिटनेस के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। सही समय, सुरक्षित रास्ता, पर्याप्त रोशनी और आसपास के ट्रैफिक पर नजर रखने से हादसे का खतरा काफी कम किया जा सकता है। अगर किसी स्थान पर लगातार तेज ट्रैफिक रहता है या पैदल चलने की सुरक्षित जगह नहीं है, तो वहां रनिंग करने के बजाय पार्क या सुरक्षित ट्रैक का विकल्प चुनना बेहतर रहेगा।

