सुबह का नाश्ता दिन का एक अहम मील माना जाता है। अगर ब्रेकफास्ट स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक और पेट भरने वाला हो, तो दिन की शुरुआत बेहतर तरीके से की जा सकती है। ऐसे में ओट्स को नाश्ते में शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर आपको सादा ओट्स पसंद नहीं है, तो आप इसे मसालेदार और चटपटा बनाने के लिए मसाला ओट्स तैयार कर सकते हैं।
मसाला ओट्स में कई तरह की सब्जियां और मसाले मिलाए जाते हैं, जिससे इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है। इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता। सुबह की व्यस्तता के बीच आप कुछ ही मिनटों में इसे तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट मसाला ओट्स बनाने का आसान तरीका।
मसाला ओट्स बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए आपको 1 कप ओट्स, आधा कप बारीक कटी सब्जियां जैसे गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च और हरी मटर की जरूरत होगी। इसके अलावा 1 बारीक कटा टमाटर, 1 प्याज, 1 से 2 हरी मिर्च और आधा छोटी चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट लें।
स्वाद बढ़ाने के लिए जीरा, एक चुटकी हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक इस्तेमाल करें। इसमें करीब 1 चम्मच सरसों का तेल या घी और 2.5 से 3 कप पानी की जरूरत होगी। आखिर में गार्निशिंग के लिए ताजा हरा धनिया डाल सकते हैं।
सबसे पहले ओट्स को भूनें
मसाला ओट्स बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही गर्म करें। इसमें सादे ओट्स डालकर धीमी आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक सूखा भूनें। ओट्स को लगातार चलाते रहें, ताकि वे जलें नहीं। हल्की खुशबू आने पर इन्हें प्लेट में निकाल लें।
ओट्स को पहले भूनने से इसका चिपचिपापन कम करने में मदद मिलती है और तैयार डिश का टेक्सचर भी बेहतर रहता है।
सब्जियों को ऐसे पकाएं
अब उसी कड़ाही में करीब एक चम्मच घी या तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
अब इसमें कटे हुए टमाटर, गाजर, बीन्स, हरी मटर और शिमला मिर्च डालें। थोड़ा नमक मिलाकर कड़ाही को ढक दें और सब्जियों को कुछ मिनट तक पकने दें। सब्जियां हल्की नरम हो जाएं तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।
पानी डालकर तैयार करें मसाला ओट्स
अब सब्जियों में करीब 3 कप पानी डालें और इसे उबलने दें। पानी में उबाल आने के बाद इसमें भुने हुए ओट्स डालें। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि ओट्स नीचे चिपके नहीं और सभी सामग्री अच्छी तरह मिल जाए।
अब आंच धीमी कर दें और ओट्स को करीब 4 से 5 मिनट तक पकने दें। इस दौरान ओट्स पानी सोखकर धीरे-धीरे गाढ़े हो जाएंगे। जरूरत के मुताबिक पानी की मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा की जा सकती है।
हरे धनिये से करें गार्निश
जब ओट्स अच्छी तरह पक जाएं और मनचाही कंसिस्टेंसी आ जाए तो गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें। आपका गरमा-गरम मसाला ओट्स तैयार है।
इसे सुबह के नाश्ते में गर्मागर्म परोस सकते हैं। सब्जियों और मसालों से तैयार यह डिश स्वाद में चटपटी होने के साथ रोजाना के नाश्ते में एक अलग विकल्प भी दे सकती है।

