टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में इस बार दर्शकों को मनोरंजन का खास डोज मिलने वाला है। शो के एक नए प्रोमो में बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अपने मशहूर किरदार ‘पारो’ के अंदाज में नजर आईं। माधुरी का यह रूप देखकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए। प्रोमो में अभिनेत्री की अदाएं और शानदार परफॉर्मेंस ने वहां मौजूद दर्शकों का भी दिल जीत लिया।
दरअसल, अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर खास एपिसोड में ‘कोन होनार करोड़पति’ की होस्ट माधुरी दीक्षित बतौर कंटेस्टेंट शो में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपनी यादगार फिल्म ‘देवदास’ के किरदार पारो को एक बार फिर जीवंत कर दिया। माधुरी ने जिस खूबसूरती और सहजता के साथ पारो का अंदाज पेश किया, उसे देखकर अमिताभ बच्चन काफी प्रभावित नजर आए।
‘काहे छेड़ मोहे’ पर माधुरी ने बिखेरा जलवा
नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन कंप्यूटर से माधुरी के लिए ‘देवदास’ का मशहूर गाना ‘काहे छेड़ मोहे’ बजाने के लिए कहते हैं। इसके बाद गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी पहने माधुरी अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही गाने पर शानदार अंदाज में परफॉर्म करती दिखाई देती हैं। उनकी भाव-भंगिमाएं और अदाएं देखते ही बनती हैं।
माधुरी की परफॉर्मेंस के दौरान अमिताभ बच्चन भी काफी खुश नजर आते हैं। जैसे-जैसे अभिनेत्री अपने पारो वाले अंदाज में ढलती हैं, वैसे-वैसे स्टूडियो में मौजूद दर्शकों की तालियां और उत्साह बढ़ता जाता है। आखिर में अमिताभ बच्चन माधुरी की जमकर तारीफ करते हुए कहते हैं, “क्या बात है! कमाल है, कमाल है, माधुरी जी।” उनका यह रिएक्शन प्रोमो का सबसे खास हिस्सा बन गया है।
दशकों बाद भी कायम है माधुरी का जादू
माधुरी दीक्षित ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं, लेकिन ‘देवदास’ की पारो आज भी उनके सबसे चर्चित किरदारों में गिनी जाती है। यही वजह है कि जब उन्होंने एक बार फिर उसी अंदाज को मंच पर पेश किया तो पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। उनके एक्सप्रेशन, डांस और स्क्रीन प्रेजेंस ने साबित कर दिया कि उम्र के साथ उनकी लोकप्रियता और आकर्षण में कोई कमी नहीं आई है।
व्यस्त शेड्यूल के बीच अमिताभ की लगातार शूटिंग
वहीं अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन की शूटिंग और प्रसारण में व्यस्त हैं। हाल ही में उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान फिसलने की वजह से उनके घुटने में चोट भी लग गई थी। इसके बावजूद वह लगातार काम कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन ने अपने व्यस्त शेड्यूल और नींद के लिए समय न मिल पाने का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि लगातार काम और कई जिम्मेदारियों के बीच आराम के लिए समय निकालना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद उनका काम के प्रति उत्साह बरकरार है।

