Dalia Upma Recipe: हेल्दी और टेस्टी नाश्ते के लिए बनाएं पौष्टिक दलिया उपमा, जानें आसान विधि
अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी, हल्का और टेस्टी बनाना चाहते हैं तो दलिया उपमा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह डिश न सिर्फ स्वादिष्ट होती है बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है। खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं। दलिया फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है।
दलिया उपमा के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने के लिए आपको चाहिए:
- 1 कप गेहूं का दलिया
- 1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 टमाटर (कटा हुआ)
- 1 गाजर (कटी हुई)
- 1 आलू (कटा हुआ)
- ½ कप हरी मटर
- 2-3 हरी मिर्च
- 6-7 करी पत्ते
- ½ छोटा चम्मच जीरा
- ½ छोटा चम्मच राई
- ¼ छोटा चम्मच हल्दी
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 3 कप पानी
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया (गार्निश के लिए)
दलिया उपमा बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: सबसे पहले दलिया को 3–4 मिनट तक कढ़ाई में हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इससे इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है।
स्टेप 2: भुने हुए दलिया को एक बर्तन में निकालकर अलग रख दें।
स्टेप 3: अब उसी कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा और करी पत्ता डालें। जब ये चटकने लगें तो प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
स्टेप 4: इसके बाद आलू और मटर डालकर 3–4 मिनट तक पकाएं ताकि सब्जियां थोड़ी नरम हो जाएं।
स्टेप 5: अब गाजर, टमाटर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं और 4–5 मिनट तक पकने दें।
स्टेप 6: जब सब्जियां पक जाएं तो इसमें 3 कप पानी डालें और उबाल आने दें।
स्टेप 7: अब इसमें भुना हुआ दलिया डालकर अच्छे से मिलाएं और कढ़ाई को ढक दें। इसे धीमी आंच पर लगभग 10 मिनट तक पकने दें।
स्टेप 8: जब दलिया पानी सोख ले और नरम हो जाए तो गैस बंद कर दें।
स्टेप 9: आखिर में हरे धनिए से गार्निश करें और गरमा-गरम सर्व करें।
हेल्दी नाश्ते के लिए परफेक्ट विकल्प
दलिया उपमा एक ऐसा नाश्ता है जो कम समय में तैयार हो जाता है और शरीर को दिनभर एनर्जी देता है। इसमें मौजूद फाइबर और सब्जियां इसे और भी पौष्टिक बनाती हैं। अगर आप हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करना चाहते हैं तो इसे अपने डाइट में जरूर शामिल करें।

