कुकर में झटपट बनाएं हलवाई जैसे रसगुल्ले: घर पर मिनटों में तैयार करें स्पंजी मिठाई
जब भी कुछ मीठा खाने का मन करता है, तो सबसे पहले रसगुल्ले का नाम ही याद आता है। यह ऐसी पारंपरिक मिठाई है जिसे बच्चे हों या बड़े, हर कोई पसंद करता है। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि रसगुल्ला घर पर बनाना मुश्किल है और इसमें काफी समय लगता है, लेकिन अब ऐसा नहीं है। आप सिर्फ कुछ आसान स्टेप्स में प्रेशर कुकर की मदद से हलवाई जैसे मुलायम और स्पंजी रसगुल्ले घर पर ही बना सकते हैं।
गर्मियों में ठंडे रसगुल्ले खाने का स्वाद ही अलग होता है। यही वजह है कि यह मिठाई हर मौके पर खास मानी जाती है। बाजार से लाने के बजाय अगर आप इसे घर पर बनाते हैं तो यह ज्यादा शुद्ध और ताजा भी रहता है।
रसगुल्ले बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 लीटर गाय का दूध
- आधा नींबू
- 1 छोटा चम्मच मैदा
- 1 कप चीनी
- 3 कप पानी
कुकर में ऐसे बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले
सबसे पहले एक कढ़ाही में दूध को उबालने के लिए रखें। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए, आधे नींबू का रस पानी में मिलाकर धीरे-धीरे दूध में डालें। इससे दूध फटकर छेना बन जाएगा।
अब छेने को छलनी में छान लें और साफ पानी से 2-3 बार धो लें ताकि नींबू की खटास निकल जाए। इसके बाद छेने को सूती कपड़े में रखकर अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि सारा पानी निकल जाए।
अब छेने को एक प्लेट में निकालकर उसे अच्छी तरह मसलें ताकि वह मुलायम और स्मूद हो जाए। इसमें 1 छोटा चम्मच मैदा मिलाएं और अच्छे से गूंथ लें। अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी गोल बॉल्स बना लें।
अब एक प्रेशर कुकर में 1 कप चीनी और 3 कप पानी डालकर उबालें। इसमें चाहें तो थोड़ा पनीर का पानी भी मिला सकते हैं, जिससे रसगुल्ले और ज्यादा मुलायम बनते हैं।
अब तैयार की गई रसगुल्ले की बॉल्स को धीरे-धीरे कुकर में डालें। गैस की आंच तेज रखें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें। लगभग 5 मिनट तक पकाने के बाद हल्की सी सीटी आने दें और फिर आंच धीमी कर दें। कुछ देर बाद गैस बंद कर दें।
ठंडा होने पर रसगुल्ले तैयार हैं। इन्हें आप चाहें तो गर्म या ठंडा दोनों तरह से परोस सकते हैं। ये रसगुल्ले बाजार जैसे ही नहीं बल्कि उससे भी ज्यादा सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनते हैं।
घर पर बनी यह आसान रेसिपी न सिर्फ समय बचाती है बल्कि आपको शुद्ध और ताजा मिठाई का आनंद भी देती है।

