1 Jun 2026, Mon

Raakh Trailer: हाई प्रोफाइल केस, बच्चों की चोरी और कत्लेआम, धमाका मचाने की तैयारी में अली फजल, सस्पेंस से भरी कहानी की दिखी झलक

मुंबई: ओटीटी दर्शकों के लिए एक और दमदार क्राइम थ्रिलर जल्द ही दस्तक देने जा रही है। प्राइम वीडियो की बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल सीरीज ‘राख’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। सस्पेंस, रहस्य और भावनाओं से भरपूर इस इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर में Ali Fazal, Sonali Bendre और Aamir Bashir प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

सीरीज का निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने तैयार की है। ट्रेलर में एक ऐसे भयावह अपराध की झलक दिखाई गई है, जो न केवल पीड़ित परिवारों को झकझोर देता है बल्कि समाज के उस अंधेरे पक्ष को भी सामने लाता है, जिससे लोग अक्सर अनजान रहते हैं।

1970 के दशक की दिल्ली में आधारित है कहानी

‘राख’ की कहानी 1970 के दशक के अंतिम वर्षों की दिल्ली में स्थापित की गई है। उस दौर में माता-पिता अपने बच्चों को लेकर अपेक्षाकृत निश्चिंत रहते थे, लेकिन अचानक बच्चों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने की घटनाएं पूरे शहर को दहशत में डाल देती हैं। ट्रेलर की शुरुआत एक सवाल से होती है—“बच्चे कब से गायब हैं?”—और यहीं से एक ऐसी जांच शुरू होती है जो कई चौंकाने वाले रहस्यों से पर्दा उठाती है।

ट्रेलर में लापता बच्चों की तलाश में भटकते परिवारों का दर्द और पुलिस की जांच की जटिलता को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। कहानी आगे बढ़ने के साथ यह स्पष्ट होता है कि मामला सिर्फ बच्चों के गायब होने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरी और खौफनाक साजिश छिपी हुई है।

पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखेंगे अली फजल

सीरीज में अली फजल सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार एक ऐसे पुलिस अधिकारी का है जो शांत स्वभाव का होने के बावजूद बेहद जटिल व्यक्तित्व रखता है। वह अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास करता है और जांच के दौरान उसे कई नैतिक और व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

अली फजल ने सीरीज को लेकर कहा कि शुरुआत में उन्हें यह एक सामान्य क्राइम थ्रिलर लगी थी, लेकिन कहानी की गहराई और पात्रों की जटिलता ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, यह सिर्फ एक अपराध की जांच की कहानी नहीं है, बल्कि इंसानी मनोविज्ञान और समाज की परतों को समझने का प्रयास भी है।

दमदार भूमिकाओं में सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर

लंबे समय बाद स्क्रीन पर लौट रहीं सोनाली बेंद्रे इस सीरीज में मोना अरोड़ा का किरदार निभा रही हैं। उनका पात्र भावनात्मक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ बेहद संवेदनशील भी है। वहीं आमिर बशीर लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा की भूमिका में नजर आएंगे, जिनकी जिंदगी एक अप्रत्याशित घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है।

12 जून को होगी रिलीज

रहस्य, अपराध और भावनात्मक संघर्षों से भरपूर ‘राख’ 12 जून को दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी। ट्रेलर को मिले सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद यह सीरीज इस साल की चर्चित ओटीटी रिलीज में शामिल होती नजर आ रही है। दर्शकों को अब इसके प्रीमियर का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *