नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। गुरुवार को प्रधानमंत्री की ओर से शेयर किए गए वीडियो को महज 24 घंटे के भीतर 303 मिलियन यानी 30.3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। इसके साथ ही पीएम मोदी का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला वीडियो बन गया है।
यह रिकॉर्ड ऐसे समय में बना है, जब देश में GenZ और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश के जरिए सीधे युवाओं से संवाद किया था। वीडियो को लोगों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और कुछ ही समय में इसके व्यूज तेजी से बढ़ने लगे।
पीएम मोदी के वीडियो ने तोड़ा पिछला रिकॉर्ड
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को पोस्ट किए गए वीडियो को इंस्टाग्राम पर 24 घंटे के भीतर 303 मिलियन व्यूज मिले। इससे पहले 24 घंटे में सबसे ज्यादा व्यूज का रिकॉर्ड 300 मिलियन का बताया जा रहा था, जिसे स्ट्रीमर IShowSpeed ने बनाया था। पीएम मोदी के वीडियो ने इस आंकड़े को पार करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया।
खबर लिखे जाने तक पीएम मोदी के गुरुवार वाले वीडियो को 322 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका था। वीडियो को मिल रही लगातार प्रतिक्रिया के चलते इसके व्यूज में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
24 घंटे से भी कम समय में GenZ से दूसरी बार संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले वीडियो पर मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद 24 घंटे से भी कम समय में एक और वीडियो संदेश जारी किया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में पीएम मोदी ने गुरुवार को पोस्ट किए गए अपने वीडियो पर मिले रिस्पॉन्स के लिए लोगों का धन्यवाद किया।
उन्होंने खास तौर पर GenZ और युवाओं को मिले सकारात्मक सुझावों और प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान युवाओं के साथ सीधे संवाद का संदेश दिया और सोशल मीडिया के जरिए उनसे जुड़ने की कोशिश की।
युवाओं से सीधे जुड़ने के लिए इंस्टाग्राम का इस्तेमाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कदम सोशल मीडिया पर युवाओं के साथ सीधे जुड़ने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। इंस्टाग्राम आज की युवा पीढ़ी के बीच सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में से एक है। ऐसे में पीएम मोदी ने अपने संदेश को सीधे युवाओं तक पहुंचाने के लिए इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया।
उनके वीडियो को मिली बड़ी संख्या में व्यूज यह दिखाते हैं कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के संदेशों की व्यापक पहुंच है। खासतौर पर युवाओं के बीच उनकी डिजिटल मौजूदगी लगातार मजबूत बनी हुई है।
CJP प्रदर्शनकारियों और सरकार के बीच बैठक पर भी नजर
इस बीच CJP प्रदर्शनकारियों और सरकार के बीच शनिवार को एक बार फिर बैठक होने की बात सामने आई है। यह बैठक प्रदर्शनकारियों की ओर से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बताई जा रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से GenZ के साथ लगातार संवाद को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीएम मोदी का नया वीडियो संदेश ऐसे समय सामने आया, जब उनके पिछले वीडियो को रिकॉर्डतोड़ प्रतिक्रिया मिल चुकी थी। दूसरे वीडियो में उन्होंने लोगों की प्रतिक्रिया और सकारात्मक सुझावों के लिए आभार जताया।
इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में 303 मिलियन व्यूज का आंकड़ा हासिल करने वाला पीएम मोदी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस रिकॉर्ड के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल प्रभाव एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सुर्खियों में आ गया है।

