24 Aug 2026, Mon

KBC कंटेस्टेंट्स की जिंदगी बदलते देख अमिताभ बच्चन ने जताई खुशी, बोले -‘जिंदगी कुछ मिनटों में बदल जाती है’

मुंबई। टीवी का सबसे लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) अपने 18वें सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन लगातार होस्ट कर रहे हैं। इस बीच बिग बी ने अपने ब्लॉग के जरिए KBC से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि इस शो में आने वाले आम लोगों की कहानियां और उनके सपनों को पूरा होते देखना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव होता है।

अमिताभ बच्चन ने कहा कि KBC की असली पहचान उसके कंटेस्टेंट और दर्शक हैं। उनके मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोग अपनी मेहनत, ज्ञान और संघर्ष की कहानियां लेकर शो का हिस्सा बनते हैं। कई कंटेस्टेंट सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते हैं।

‘कंटेस्टेंट ही शो को बनाते हैं’

अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि कंटेस्टेंट ही इस शो को खास बनाते हैं। उन्होंने सेट पर घंटों बैठकर प्रतियोगियों का हौसला बढ़ाने वाले दर्शकों का भी जिक्र किया। बिग बी ने कहा कि प्रतियोगियों की काबिलियत और उनकी कहानियां उन्हें प्रभावित करती हैं। कम साधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोशिश करने वाले लोगों को देखकर उन्हें भावुकता महसूस होती है।

अमिताभ ने यह भी बताया कि जब कोई कंटेस्टेंट सफलता हासिल करता है तो उसके चेहरे की खुशी और आंखों में आए खुशी के आंसू इस पूरे अनुभव को खास बना देते हैं। उन्होंने कहा कि यही KBC की खूबसूरती है, क्योंकि इस मंच पर कभी-कभी कुछ ही घंटों में और कई बार कुछ ही मिनटों में किसी की जिंदगी बदल जाती है।

बिग बी ने सभी कंटेस्टेंट्स को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने ज्ञान और समझ के दम पर आगे बढ़ेंगे और उनका सफर सुखद रहेगा।

50 लाख रुपये जीतकर रुचिता ने पूरा किया सपना

KBC 18 में हाल ही में मुंबई की कंटेस्टेंट रुचिता अधलराव ने अपनी कहानी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने शो में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपये की रकम जीती। रुचिता ने बताया कि वह SSC परीक्षा की तैयारी कर रही हैं, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह किताबों, कोचिंग या क्लास का खर्च उठा सकें।

रुचिता ने बताया कि वह पब्लिक वाई-फाई की मदद से पढ़ाई से जुड़े YouTube वीडियो डाउनलोड करती हैं और उन्हीं के जरिए अपनी तैयारी करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक परेशानियों के कारण उनका परिवार जन्मदिन और त्योहार भी खास तरीके से नहीं मना पाता। नए कपड़े, केक या दूसरी चीजों पर खर्च करना उनके परिवार के लिए आसान नहीं है।

KBC से जीती रकम से रुचिता अपने परिवार के लिए पक्का घर बनाने का सपना पूरा करना चाहती हैं। उनकी कहानी उन तमाम कंटेस्टेंट्स की तरह है, जिनके लिए KBC सिर्फ एक गेम शो नहीं बल्कि अपने सपनों को नई दिशा देने का मंच बन चुका है।

लगातार 15वें सीजन में होस्ट बने अमिताभ

अमिताभ बच्चन KBC के साथ लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वह लगातार 15वें सीजन में इस शो की मेजबानी कर रहे हैं। हालांकि, शो के तीसरे सीजन को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने होस्ट किया था। अमिताभ की दमदार आवाज, सहज अंदाज और कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी बातचीत KBC की पहचान बन चुकी है।

काम के मोर्चे पर भी अमिताभ बच्चन लगातार सक्रिय हैं और फिल्मों के साथ टीवी पर भी दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *