17 Nov 2026, Tue

‘बिग बॉस 20’ में मनीष गोयल को बार-बार निशाना बनाने पर भड़कीं पत्नी, काजी तौकीर को लगाई फटकार

मनोरंजन डेस्क: टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। घर के अंदर चल रही बहस और नोकझोंक अब प्रतियोगियों के परिवारों तक पहुंच गई है। हाल ही में अभिनेता मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच नॉमिनेशन टास्क के दौरान तीखी बहस देखने को मिली। इस विवाद के बाद अब मनीष की पत्नी पूनम गोयल ने सोशल मीडिया के जरिए काजी तौकीर पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अपने पति का समर्थन करते हुए कहा कि वह पिछले एक महीने से ज्यादा समय से चुप थीं, लेकिन अब उन्हें अपनी बात रखने की जरूरत महसूस हो रही है।

नॉमिनेशन टास्क के दौरान क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, शो के नए नॉमिनेशन प्रोमो में मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच तीखी बहस दिखाई गई है। बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब काजी ने बार-बार मनीष को ‘प्रोफेसर’ कहकर संबोधित किया। इस बात से मनीष नाराज हो गए और दोनों के बीच बहस बढ़ गई। देखते ही देखते मामला इतना आगे पहुंच गया कि मनीष अपना आपा खो बैठे।

इस पूरे विवाद के बाद मनीष की पत्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की और काजी के व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “अब बोलने का समय आ गया है। मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं।” इस संदेश के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि वह मुश्किल समय में अपने पति के साथ खड़ी हैं।

पत्नी ने बताया क्यों नाराज होते हैं मनीष?

पूनम गोयल के मुताबिक, शो में शुरुआत से ही काजी उनके पति को ‘ज्ञानी बाबा’ और ‘प्रोफेसर’ जैसे नामों से बुलाते आ रहे हैं। शुरुआत में यह सब मजाक के तौर पर शुरू हुआ था और घर के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल थे। मनीष ने भी इसे हल्के-फुल्के अंदाज में लिया था और उनके साथ डांस तक किया था।

हालांकि, पूनम का आरोप है कि समय के साथ यह मजाक व्यक्तिगत टिप्पणियों और अपमानजनक व्यवहार में बदल गया। उन्होंने दावा किया कि काजी लगातार मनीष की उम्र को लेकर भी टिप्पणियां करते रहे। जब मनीष ने उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, तब कथित तौर पर काजी ने कैमरे के सामने कहा कि वह मनीष को रुलाकर ही रहेंगे।

पूनम ने यह भी संकेत दिया कि दर्शकों को शो में दिखाई जाने वाली हर घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि वह संबंधित एपिसोड प्रसारित होने के बाद इस पूरे मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगी।

पति के स्वभाव का भी किया बचाव

अपने पति का बचाव करते हुए पूनम ने कहा कि मनीष का काजी के पास जाने का उद्देश्य झगड़ा करना या कैमरे के सामने दिखना नहीं होता। वह स्वभाव से भावुक हैं और कई बार उनका बात करने का अंदाज थोड़ा नाटकीय हो सकता है। उन्होंने मनीष को 51 साल का एक अच्छा और पारिवारिक इंसान बताया।

उनका मानना है कि दर्शकों को मनीष से यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि वह हर परिस्थिति में घर के युवा प्रतियोगियों की तरह ही प्रतिक्रिया देंगे। हर व्यक्ति का अपना स्वभाव और भावनाएं होती हैं, जिन्हें समझना जरूरी है।

पहले भी परिवार ने किया था मनीष का समर्थन

गौरतलब है कि इससे पहले मनीष के बेटे ने भी सोशल मीडिया पर अपने पिता का समर्थन किया था। अब उनकी पत्नी के खुलकर सामने आने के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है।

फिलहाल दर्शकों की नजरें आने वाले एपिसोड पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद पर शो में आगे क्या होता है और दोनों प्रतियोगी अपने बीच की गलतफहमियों को दूर कर पाते हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *