नमो भारत ट्रेन से नियमित सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की गई है। अब रोजाना यात्रा करने वालों को हर बार अलग टिकट खरीदने या नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) में बार-बार पैसे डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्रियों के लिए ट्रिप पास की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत यात्री पहले से कई यात्राओं के लिए भुगतान कर सकते हैं और तय रूट पर आसानी से सफर कर सकेंगे।
इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलने की उम्मीद है, जो नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के सिलसिले में रोजाना एक ही रूट पर यात्रा करते हैं। इससे उन्हें हर यात्रा से पहले टिकट लेने की प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी।
क्या है ट्रिप पास की सुविधा?
ट्रिप पास उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो नियमित रूप से एक ही शुरुआती स्टेशन से एक ही गंतव्य स्टेशन तक सफर करते हैं। यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से पहले ही कई यात्राओं का पास खरीद सकते हैं। इसे NCMC कार्ड पर लोड किया जाएगा।
इसके बाद जब यात्री निर्धारित रूट पर सफर करेगा और AFC गेट से प्रवेश या निकास करेगा, तो एक यात्रा पास में से अपने आप कम हो जाएगी। यानी हर बार अलग से टिकट खरीदने या कार्ड में पर्याप्त रकम होने की चिंता कम हो जाएगी।
खास बात यह है कि एक दिन में पास का इस्तेमाल कई बार किया जा सकता है। ऐसे यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है, जिन्हें रोजाना आने-जाने के लिए नमो भारत का इस्तेमाल करना पड़ता है।
दूसरे रूट पर कैसे लगेगा किराया?
ट्रिप पास केवल उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य होगा, जिसके लिए यात्री ने पास खरीदा है। अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन से किसी अलग स्टेशन तक यात्रा करता है, तो उस सफर के लिए सामान्य किराया देना होगा।
ऐसी स्थिति में किराया NCMC कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा। ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2,000 रुपये तक राशि रिचार्ज की जा सकती है। इसलिए अलग रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कार्ड में पर्याप्त बैलेंस रखना होगा।
1 से 40 ट्रिप तक खरीद सकेंगे पास
यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रिप पास में कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। यात्री 1 से लेकर 40 ट्रिप तक का पास खरीद सकते हैं। यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के लिए उपलब्ध है।
पास खरीदने के लिए यात्रियों को स्टेशन पर AFC गेट के पास बने काउंटर पर जाना होगा। वहां से अपनी यात्रा और जरूरत के मुताबिक ट्रिप पास लिया जा सकता है।
नियमित यात्रियों के लिए शुरू की गई यह सुविधा टिकट खरीदने और NCMC कार्ड रिचार्ज करने की बार-बार होने वाली प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में एक कदम है। खासतौर पर रोजाना एक ही रूट पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए इससे यात्रा प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो सकती है।

