24 Sep 2026, Thu

पाकिस्तान-तालिबान में फिर ठनी, PAK फौज ने अफगानिस्तान में सुबह-सुबह 10 जगह किए हवाई हमले

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान ने गुरुवार सुबह दावा किया कि उसकी वायुसेना ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए हैं। पाकिस्तान के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल ड्रोन को लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए किया जा रहा था। उसका कहना है कि एक दिन पहले अफगानिस्तान की तरफ से आए ड्रोन को पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा के अधिकार के तहत की गई। उनके मुताबिक, हमलों को सैन्य ठिकानों तक सीमित रखा गया और उन स्थानों को निशाना बनाया गया, जिन्हें पाकिस्तान ने सीमा पार हुए ड्रोन हमलों से सीधे जुड़ा बताया।

10 ठिकानों को बनाया गया निशाना

पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान से आए ड्रोन बुधवार को उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने इन ड्रोन को ट्रैक किया और उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए। अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी खोस्त प्रांत के अधिकारियों ने भी वहां कई जगहों पर पाकिस्तानी हमलों की जानकारी दी है। स्थानीय प्रशासन के एक प्रवक्ता के मुताबिक, प्रांतीय राजधानी के आसपास भी तड़के हमले हुए। शुरुआती जानकारी में वहां किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई थी।

सीमा पर पहले से बढ़ा हुआ है तनाव

दोनों देशों के बीच सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों और हमलों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल उसके खिलाफ हमले करने वाले सशस्त्र समूह करते हैं। दूसरी ओर, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है और सीमा पार हिंसा को पाकिस्तान की आंतरिक समस्या बताती है।

हाल के दिनों में सीमा पर तनाव और बढ़ा है। इससे पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुछ इलाकों में हवाई हमले कर कथित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। अफगान अधिकारियों ने उन हमलों में नागरिकों के मारे जाने की बात कही थी, जबकि पाकिस्तान ने अलग संख्या में आतंकवादियों के मारे जाने का दावा किया था।

दोनों देशों के बीच बढ़ सकती है तल्खी

ताजा एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्तों में तनाव और गहरा सकता है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सीमा पार हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप लगाते रहे हैं। क्षेत्रीय स्तर पर दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें भी चल रही हैं, लेकिन लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई इन प्रयासों के लिए चुनौती बन सकती है।

फिलहाल पाकिस्तान ने अपने हमलों को ड्रोन हमलों के जवाब में की गई सैन्य कार्रवाई बताया है, जबकि अफगान पक्ष से अलग-अलग इलाकों में नुकसान और हताहतों को लेकर दावे सामने आए हैं। ऐसे में आने वाले समय में दोनों देशों की ओर से सामने आने वाले आधिकारिक बयानों पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *