सुबह के नाश्ते में अगर कुछ स्वादिष्ट, कुरकुरा और जल्दी बनने वाला खाने का मन हो तो सूजी और आलू से तैयार होने वाला यह स्नैक्स एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री आसानी से घर में मिल जाती है और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है। देखने में इसका आकार सैंडविच जैसा होता है, इसलिए इसे सूजी-आलू का सैंडविच भी कहा जा सकता है।
इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसमें बाहर से सूजी की परत कुरकुरी होती है, जबकि अंदर मसालेदार आलू की स्टफिंग इसका स्वाद बढ़ाती है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
सूजी का आटा बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले सूजी की परत तैयार करने के लिए 3 कप पानी, 1 चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक और 2 कप सूजी की जरूरत होगी। इसके अलावा सैंडविच तलने के लिए तेल रखें।
एक कढ़ाई को गैस पर गर्म करें और इसमें 3 कप पानी डालें। पानी गर्म होने के बाद इसमें एक चम्मच तेल और स्वादानुसार नमक डालें। अब इसमें 2 कप सूजी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सूजी अच्छी तरह मिल जाए तो गैस बंद कर दें।
इस तरह तैयार करें आलू की स्टफिंग
आलू की स्टफिंग के लिए 1 चम्मच तेल, एक चुटकी हींग, 1 चम्मच जीरा, करी पत्ता, 8-10 लहसुन की कलियां, 5 हरी मिर्च और 1 इंच कटा हुआ अदरक लें। इसके साथ 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 5 उबले हुए आलू, नमक और ताजा कटा हरा धनिया चाहिए।
अब एक बड़े करछी या पैन में तेल गर्म करें। इसमें हींग, जीरा, करी पत्ता, लहसुन और हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं। जब लहसुन हल्का ब्राउन हो जाए तो इसमें कटा हुआ अदरक डालें। इसके बाद धनिया पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को हल्का भून लें।
मसाले भुनने के बाद गैस बंद कर दें और इन्हें उबले हुए आलू में डालें। इसमें थोड़ा नमक और हरा धनिया डालकर आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। इस तरह आपकी मसालेदार आलू की स्टफिंग तैयार हो जाएगी।
सूजी और आलू का सैंडविच ऐसे करें तैयार
सूजी का मिश्रण हल्का ठंडा होने के बाद उसे अच्छी तरह गूंथ लें और कुछ देर ढककर रख दें। अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक लोई को बेलकर पूरी जैसी गोल परत तैयार करें। इसके ऊपर तैयार आलू की स्टफिंग रखें और उसे अच्छी तरह चारों तरफ फैला दें।
अब सूजी की दूसरी पूरी बेलकर आलू की स्टफिंग के ऊपर रखें। दोनों परतों को किनारों से अच्छी तरह सील कर दें। इसके बाद इसे बीच से काट दें, जिससे सैंडविच जैसा आकार तैयार हो जाएगा।
गर्म तेल में तलें और करें सर्व
अब कढ़ाई में तेल डालकर गर्म करें। तेल गर्म होने पर तैयार सूजी-आलू सैंडविच को इसमें डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह ब्राउन और कुरकुरा होने तक तलें। तलने के बाद इसे बाहर निकाल लें।
आपका स्वादिष्ट सूजी और आलू का सैंडविच तैयार है। इसे नाश्ते में गर्मागर्म परोसा जा सकता है। कम समय में बनने वाला यह स्नैक्स सुबह के नाश्ते के लिए एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है।

