16 Sep 2026, Wed

घर पर गरम मसाला कैसे तैयार करें? इस हर बनाएंगे तो हर खाने का स्वाद हो जाएगा दोगुना

भारतीय रसोई में गरम मसाले का इस्तेमाल खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है। सब्जी हो, ग्रेवी हो या फिर भुजिया, गरम मसाला डालने से साधारण खाना भी काफी जायकेदार बन जाता है। खासतौर पर बिहार और झारखंड में इसका इस्तेमाल कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है। हालांकि बाजार से मिलने वाले तैयार गरम मसाले में वह ताजगी और खुशबू नहीं मिलती, जो घर पर साबुत मसालों को भूनकर तैयार किए गए मसाले में आती है।

अगर आप भी खाने के स्वाद को बेहतर बनाना चाहते हैं तो घर पर आसानी से गरम मसाला तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए कई तरह के साबुत मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। सही तरीके से भूनने और पीसने से मसालों की खुशबू बनी रहती है और इसे अलग-अलग व्यंजनों में इस्तेमाल किया जा सकता है।

गरम मसाला बनाने के लिए सामग्री

घर पर गरम मसाला तैयार करने के लिए 4 टेबलस्पून साबुत धनिया, 2 टेबलस्पून जीरा, 1 टेबलस्पून शाही जीरा और 2 टेबलस्पून काली मिर्च लें। इसके अलावा 8-10 बड़ी इलायची, 15-20 छोटी इलायची, 1 टेबलस्पून लौंग और 4-5 बड़े टुकड़े दालचीनी की जरूरत होगी।

मसाले को खास खुशबू देने के लिए 3-4 चक्र फूल, 3-4 फूल जावित्री, आधा टुकड़ा जायफल, 4-5 तेजपत्ते और 1 टेबलस्पून सौंफ भी लें।

सबसे पहले साबुत मसालों को करें साफ

गरम मसाला बनाने से पहले सभी साबुत मसालों को अच्छी तरह साफ कर लें। ध्यान रखें कि मसालों में किसी तरह की धूल, मिट्टी या कंकड़ न रह जाए। साफ करने के बाद इन्हें भूनने की तैयारी करें।

अब एक कढ़ाई या पैन को धीमी आंच पर गर्म करें। सबसे पहले इसमें दालचीनी, बड़ी इलायची, चक्र फूल और तेजपत्ता डालकर करीब एक मिनट तक भूनें। इसके बाद धनिया, जीरा, शाही जीरा, काली मिर्च, लौंग और छोटी इलायची डाल दें।

मसालों को धीमी आंच पर ही भूनें

सभी मसालों को लगातार चलाते हुए करीब 3 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। यहां सबसे जरूरी बात यह है कि मसाले जलने न पाएं। उनका रंग काला नहीं होना चाहिए। मसालों को सिर्फ इतना भूनना है कि उनकी नमी निकल जाए और उनसे अच्छी भीनी-भीनी खुशबू आने लगे।

जब मसाले अच्छी तरह भुन जाएं तो गैस बंद कर दें। इसके तुरंत बाद इसमें जायफल पाउडर और जावित्री डालकर अच्छी तरह मिला दें।

ठंडा होने के बाद पल्स मोड में पीसें

भुने हुए मसालों को एक चौड़ी थाली में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म मसालों को तुरंत पीसने से उनका प्राकृतिक तेल और खुशबू कम हो सकती है। इसलिए मसालों का पूरी तरह ठंडा होना जरूरी है।

मसाले ठंडे हो जाएं तो उन्हें मिक्सी के जार में डालें। मिक्सी को लगातार चलाने के बजाय पल्स मोड पर रोक-रोककर मसालों को पीसें। इससे मसाला ज्यादा गर्म नहीं होगा और उसकी खुशबू भी बनी रहेगी।

एयरटाइट कंटेनर में करें स्टोर

तैयार गरम मसाले को किसी साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। जरूरत के अनुसार इसे सब्जी, ग्रेवी, भुजिया और दूसरे व्यंजनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। घर पर तैयार किया गया गरम मसाला खाने में ताजे मसालों की खुशबू और स्वाद देने के साथ आपको अपनी सामग्री खुद चुनने का मौका भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *