14 Sep 2026, Mon

ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर, खाने वाले 2 रोटी ज्यादा खा जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

कढ़ाई पनीर ऐसी सब्जी है जिसे रोटी, नान और पराठे के साथ खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। खासकर ढाबे और रेस्टोरेंट में मिलने वाली कढ़ाई पनीर की खुशबू और स्वाद काफी अलग होता है। इसका मुख्य कारण इसमें इस्तेमाल होने वाला भुना हुआ मसाला और गाढ़ी ग्रेवी है। अगर आप भी घर पर ढाबे जैसी कढ़ाई पनीर बनाना चाहते हैं तो यह आसान रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसकी खास ग्रेवी को बनाकर कुछ दिनों तक फ्रिज में भी रखा जा सकता है।

सबसे पहले तैयार करें खास ग्रेवी

ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर बनाने के लिए सबसे पहले इसकी बेस ग्रेवी तैयार करनी होगी। इसके लिए एक कड़ाही में करीब एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें। इसमें 10-12 लहसुन की कलियां, आधा इंच अदरक और 8-10 काजू डालकर हल्का भूनें।

इसके बाद इसमें एक मोटा कटा हुआ प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक पकाएं। अब 2-3 मोटे कटे हुए टमाटर डालकर अच्छी तरह पकने दें। जब टमाटर नरम हो जाएं तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। यही मिश्रण कढ़ाई पनीर की ग्रेवी को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाने में मदद करेगा।

ऐसे तैयार करें कढ़ाई मसाला

अब सब्जी के लिए खास मसाला तैयार करें। इसके लिए 4 सूखी लाल मिर्च, एक चम्मच जीरा, एक चम्मच सूखा धनिया, 2-3 लौंग, आधा चम्मच काली मिर्च, दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा, आधा चम्मच सौंफ, थोड़ी कसूरी मेथी और थोड़ा जायफल लें।

सभी मसालों को मिक्सी में डालकर दरदरा या बारीक पीस लें। मसाले की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है। इस ताजे मसाले की वजह से सब्जी में ढाबे जैसा स्वाद और खुशबू आती है।

पनीर और सब्जियों को करें हल्का फ्राई

अब कड़ाही में करीब दो बड़े चम्मच तेल गर्म करें। पनीर को चौकोर टुकड़ों में काटकर तेल में हल्का सुनहरा होने तक फ्राई करें। पनीर को ज्यादा न तलें, वरना यह सख्त हो सकता है। हल्का सुनहरा होने के बाद पनीर को निकालकर अलग रख दें।

इसी कड़ाही में दो तेज पत्ते डालें। इसके बाद एक प्याज और एक शिमला मिर्च को बड़े टुकड़ों में काटकर हल्का भूनें। इन्हें ज्यादा नरम न करें, ताकि सब्जी में हल्का क्रंच बना रहे। भूनने के बाद प्याज और शिमला मिर्च को किनारे कर दें।

मसाले और ग्रेवी को इस तरह मिलाएं

अब कड़ाही में तैयार किया हुआ कढ़ाई मसाला डालें। इसमें थोड़ी कश्मीरी लाल मिर्च और हल्दी डालकर हल्का भूनें। मसाले को बहुत ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं है। इसके बाद पहले से तैयार प्याज, लहसुन, अदरक, काजू और टमाटर की ग्रेवी डाल दें।

ग्रेवी को मसाले के साथ कुछ देर पकाएं, ताकि सभी मसाले अच्छी तरह मिल जाएं। अब इसमें फ्राई किया हुआ पनीर, प्याज और शिमला मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर कुछ मिनट पकाएं।

आखिर में कसूरी मेथी डालकर सब्जी को कुछ देर दम दें। तैयार कढ़ाई पनीर को गरमा-गरम रोटी, नान या पराठे के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ी कसूरी मेथी डालने से इसकी खुशबू और स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *