वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी हिरासत से पहली तस्वीर सामने आई है। जनवरी में गिरफ्तारी के बाद से मादुरो की सार्वजनिक हुई ये पहली तस्वीरें हैं। मादुरो ने रविवार, 30 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दो तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह ग्रे रंग का ट्रैकसूट और सफेद स्नीकर्स पहने नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान है और वह हाथों से विक्ट्री साइन दिखाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये तस्वीरें न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के अंदर ली गई हैं, जहां मादुरो फिलहाल हिरासत में हैं। हालांकि, तस्वीरें हाल की नहीं हैं। तस्वीरों पर मौजूद टाइमस्टैम्प के अनुसार इन्हें 25 जून 2026 को लिया गया था, लेकिन मादुरो ने इन्हें करीब दो महीने बाद 30 अगस्त को सार्वजनिक किया।
परिवार और समर्थकों के लिए लिखा भावुक संदेश
तस्वीरों के साथ निकोलस मादुरो ने अपने पोते-पोतियों, बच्चों और समर्थकों के नाम एक संदेश भी लिखा। उन्होंने इन तस्वीरों को अपने परिवार और उन सभी लोगों के लिए एक छोटा सा तोहफा बताया, जो उनसे प्यार करते हैं।
मादुरो ने कहा कि वह और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस मजबूती से डटे हुए हैं। उन्होंने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनका दिल लोगों के प्यार से भरा हुआ है। उन्होंने अपने समर्थकों का उनके संदेशों, इशारों, प्रार्थनाओं और एकजुटता के लिए धन्यवाद भी किया।
मादुरो ने आगे कहा कि वह और उनके समर्थक मजबूत, शांत और आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। उन्होंने अपने संदेश में ईश्वर का भी जिक्र किया और कहा कि वेनेजुएला फिर से उठ खड़ा होगा।
तस्वीरों में क्या नजर आया?
साझा की गई दोनों तस्वीरों में मादुरो एक सादी दीवार के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में उन्होंने चश्मा पहना हुआ है और दोनों हाथों से विक्ट्री साइन बनाया है। वहीं दूसरी तस्वीर में वह एक हाथ में अपना चश्मा पकड़े हुए हैं और दूसरे हाथ से जीत का संकेत देते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले की तस्वीरों की तुलना में मादुरो अब कुछ पतले दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि ये तस्वीरें जून में फादर्स डे वाले सप्ताह के दौरान ली गई थीं।
जनवरी में अमेरिकी ऑपरेशन के दौरान हुई थी गिरफ्तारी
निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को जनवरी में काराकस में अमेरिकी सेना के एक ऑपरेशन के दौरान हिरासत में लिया गया था। इसके बाद दोनों को अमेरिका ले जाया गया। फिलहाल मादुरो को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
अमेरिकी अधिकारियों ने मादुरो पर ड्रग तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों समेत कई संघीय आरोप लगाए हैं। हालांकि, मादुरो इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी और हिरासत को गैर-कानूनी बताया है।
अमेरिकी हिरासत में रहने के बावजूद मादुरो लगातार अपने राजनीतिक रुख पर कायम हैं। अब उनकी तस्वीर सामने आने के बाद उनके समर्थकों के बीच इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी संघीय अदालत ने मादुरो के मामले की सुनवाई 1 जून 2027 के लिए निर्धारित की है।

