रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ भले ही खत्म हो चुका है, लेकिन शो से जुड़े कंटेस्टेंट्स लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। खासतौर पर आकांक्षा चमोला की निजी जिंदगी और शो के दौरान किए गए खुलासे अब भी चर्चा का विषय हैं। शो में आकांक्षा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई बातें साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि वह और गौरव खन्ना करीब एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों तलाक लेने की प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी निजी पहचान को लेकर भी बड़ा खुलासा किया था।
शो की शुरुआत में आकांक्षा काफी उत्साहित और एनर्जेटिक नजर आई थीं, लेकिन बाद में उनके गेम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। खासतौर पर तब, जब अभिनेता गौरव खन्ना शो में आकांक्षा से मिलने पहुंचे। गौरव की इस एंट्री के बाद आकांक्षा काफी परेशान और भावुक दिखाई दी थीं। अब उन्होंने बताया है कि आखिर ऐसा क्या हुआ था, जिसकी वजह से वह अंदर से पूरी तरह टूट गई थीं।
फराह खान से बातचीत में खोला राज
हाल ही में ‘लॉकअप 2’ की होस्ट और निर्देशक फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ आकांक्षा चमोला के माता-पिता के घर पहुंचीं। इस दौरान फराह ने आकांक्षा से शो के अनुभव और गौरव खन्ना की एंट्री को लेकर बातचीत की। इसी दौरान आकांक्षा ने बताया कि गौरव के शो में आने के बाद उन्हें बाहर की दुनिया के बारे में कुछ ऐसी जानकारी मिली, जिसकी उन्होंने बिल्कुल उम्मीद नहीं की थी।
आकांक्षा के मुताबिक, जब वह शो में गई थीं तो उन्हें लगता था कि घर पर सब कुछ ठीक चल रहा है। लेकिन गौरव ने जब उन्हें बताया कि बाहर हालात ठीक नहीं हैं, तो वह काफी परेशान हो गईं। उन्होंने कहा कि इस जानकारी का सीधा असर उनके मानसिक तौर पर पड़ा और वह लगातार उन्हीं बातों के बारे में सोचने लगीं।
‘मैं पूरी तरह टूट गई थी’
आकांक्षा ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि परिवार और घर से जुड़ी चीजें सामान्य होंगी, लेकिन गौरव से मिली जानकारी ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने कहा कि वह दुनिया के सामने चाहे जैसी नजर आती हों, लेकिन उनके परिवार का उन पर पूरा भरोसा है। परिवार हमेशा उनके फैसलों को समझता और स्वीकार करता आया है।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें बाहर चल रही परिस्थितियों के बारे में पता चला तो उनके मन में लगातार सवाल उठने लगे। उन्हें पूरी सच्चाई जानने की बेचैनी होने लगी और इसका असर उनके गेम पर भी पड़ा। आकांक्षा ने साफ कहा कि जब तक किसी बात की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक दिमाग में कई तरह के सवाल चलते रहते हैं।
चोट को लेकर भी चर्चा में हैं आकांक्षा
इन दिनों आकांक्षा अपनी एक चोट को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में सामने आए वीडियो में उनके पैर पर क्रेप बैंडेज नजर आया था। पैपराजी ने जब उनसे चोट के बारे में पूछा तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्हें यह चोट घर पर स्टंट करते समय लगी। उनके घुटने और पसलियों में चोट लगने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल आकांक्षा चमोला के इन खुलासों ने एक बार फिर ‘लॉकअप 2’ और गौरव खन्ना के साथ उनके रिश्ते को चर्चा में ला दिया है। शो खत्म होने के बावजूद दोनों की निजी जिंदगी से जुड़ी बातें लगातार फैंस का ध्यान खींच रही हैं।

