25 Aug 2026, Tue

रियल लाइफ में भी ‘हीरो’ निकले यश, चेन्नई इवेंट में उड़कर आई भारी चीज, कियारा के आगे ढाल बने रॉकिंग स्टार

चेन्नई। साउथ सुपरस्टार यश और बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के लिए हाल ही में चेन्नई में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अचानक कुछ ऐसा हुआ जिसने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान खींच लिया। इवेंट के दौरान मंच की तरफ से एक भारी धातु की वस्तु अचानक उछलकर कियारा आडवाणी की ओर आती दिखाई दी। हालांकि, पास बैठे यश ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपना हाथ आगे कर दिया और कियारा को संभावित चोट से बचाने की कोशिश की।

इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद फैंस यश की सूझबूझ और तुरंत प्रतिक्रिया की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

अचानक कियारा की तरफ आई भारी चीज

चेन्नई में आयोजित ‘टॉक्सिक’ के कार्यक्रम में यश और कियारा आडवाणी एक साथ पहली पंक्ति में बैठे हुए थे। मंच पर उस समय सांस्कृतिक और डांस प्रस्तुतियां चल रही थीं। इसी दौरान मंच की दिशा से एक लोहे या धातु जैसी भारी वस्तु अचानक हवा में उछलती हुई दर्शकों की तरफ आई।

वस्तु कियारा के काफी करीब पहुंच गई। इससे पहले कि वह अभिनेत्री को चोट पहुंचातीं, यश ने तुरंत अपना हाथ कियारा के सामने कर दिया। गनीमत रही कि वह वस्तु कियारा की कुर्सी से कुछ दूरी पहले ही जमीन पर गिर गई और किसी को चोट नहीं लगी।

फैंस ने यश को बताया रियल हीरो

घटना का वीडियो इंटरनेट पर आते ही फैंस ने यश की तारीफ शुरू कर दी। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यश ने बिना घबराए जिस तेजी से प्रतिक्रिया दी, वह उनकी सतर्कता और सह-कलाकार के प्रति जिम्मेदारी को दिखाता है।

कियारा भी कई मौकों पर फिल्म की शूटिंग के दौरान यश के सहयोगी रवैये की तारीफ कर चुकी हैं। अब इस घटना के बाद दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी के साथ-साथ उनकी ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग भी चर्चा में आ गई है।

क्या है ‘टॉक्सिक’ की कहानी?

‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं। फिल्म में यश मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि कियारा आडवाणी भी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

फिल्म को लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इसे बड़े बजट की एक्शन-थ्रिलर के तौर पर तैयार किया गया है। फिल्म की कहानी में एक्शन के साथ रिश्तों और संघर्ष की झलक भी देखने को मिलेगी।

बड़े स्तर पर होगी रिलीज

‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में मूल रूप से शूट किया गया है। इसके अलावा फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में डब कर रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है।

फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। वहीं चेन्नई इवेंट का यह वायरल वीडियो रिलीज से पहले ही यश और कियारा की जोड़ी को एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है। फिलहाल फैंस यश के उस पल की तारीफ कर रहे हैं, जब उन्होंने बिना देर किए कियारा की सुरक्षा के लिए हाथ आगे बढ़ाया और संभावित हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *