20 Aug 2026, Thu

अब फ्लाइट में भी मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट! Starlink ने इस एयरलाइन के साथ हुई बड़ी डील

नई दिल्ली। हवाई सफर के दौरान धीमे इंटरनेट से परेशान यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब विमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ते हुए भी यात्रियों को हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी। Lufthansa Group ने Starlink की तकनीक पर आधारित हाई-स्पीड इन-फ्लाइट Wi-Fi सेवा की व्यावसायिक शुरुआत कर दी है। यह सुविधा 19 अगस्त 2026 से शुरू हुई है और आने वाले वर्षों में इसे एयरलाइन के बड़े विमान बेड़े तक पहुंचाने की तैयारी है।

Airbus A320neo से हुई शुरुआत

Lufthansa Group ने Starlink-पावर्ड Wi-Fi की शुरुआत अपने Airbus A320neo विमान से की है। इस विमान ने फ्रैंकफर्ट से रोम के लिए LH234 उड़ान भरी। करीब 10,000 मीटर की ऊंचाई पर Lufthansa के CEO जेन्स रिटर ने नई Wi-Fi सेवा को एक्टिव किया।

कंपनी के मुताबिक, अब यह विमान नियमित उड़ानों के दौरान यात्रियों को हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराएगा। इससे यात्री उड़ान के दौरान पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और बेहतर कनेक्टिविटी का अनुभव कर सकेंगे।

2029 तक 850 विमानों में सुविधा देने की तैयारी

Lufthansa Group इस तकनीक को चरणबद्ध तरीके से अपने करीब 850 विमानों में उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को उड़ान के दौरान बेहतर डिजिटल अनुभव देना है।

Starlink की हाई-स्पीड कनेक्टिविटी की मदद से यात्री क्लाउड आधारित काम, ऑनलाइन सेवाओं और ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले एप्लिकेशन का उपयोग कर सकेंगे। यानी अब फ्लाइट में बैठकर जरूरी ऑफिस का काम करना या इंटरनेट पर ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करना पहले की तुलना में आसान हो सकता है।

यात्रियों को मुफ्त मिलेगा Wi-Fi

इस सेवा की सबसे खास बात यह है कि Lufthansa Group यात्रियों को Wi-Fi के लिए अलग से शुल्क नहीं लेगा। लॉयल्टी प्रोग्राम के सदस्य और Travel ID यूजर्स इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

यात्री एक साथ कई डिवाइस को Wi-Fi से कनेक्ट कर पाएंगे। हालांकि, एयरलाइन ने कुछ सीमाएं भी रखी हैं। इस सेवा के जरिए वॉयस और वीडियो कॉल की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा लाइव वीडियो रिकॉर्ड करके उसे स्ट्रीम करना भी प्रतिबंधित रहेगा।

ऐसे कनेक्ट कर सकेंगे Wi-Fi

फ्लाइट में Wi-Fi इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को सबसे पहले अपने मोबाइल फोन या लैपटॉप में Flight Mode ऑन करना होगा। इसके बाद Wi-Fi विकल्प को एक्टिव करके “Lufthansa Group Wi-Fi” नेटवर्क चुनना होगा।

नेटवर्क से कनेक्ट होते ही लॉगिन पोर्टल अपने आप खुल जाएगा। अगर पोर्टल अपने आप नहीं खुलता है, तो यात्री ब्राउजर में wifi.lufthansa.com दर्ज करके लॉगिन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

फिलहाल चुनिंदा विमानों में सुविधा

फिलहाल Starlink Wi-Fi की सुविधा Lufthansa Group के केवल चुनिंदा विमानों में उपलब्ध है। यात्रियों के लिए अभी बुकिंग से पहले यह पता करना आसान नहीं है कि उनकी फ्लाइट में हाई-स्पीड Wi-Fi मिलेगा या नहीं।

हालांकि, एयरलाइन भविष्य में अपनी वेबसाइट पर ऐसा फीचर जोड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे यात्री टिकट बुक करते समय ही देख सकेंगे कि संबंधित फ्लाइट में Starlink Wi-Fi उपलब्ध है या नहीं।

अगर Lufthansa Group की योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो आने वाले वर्षों में हवाई यात्रा के दौरान इंटरनेट का अनुभव काफी बदल सकता है। खासकर बिजनेस यात्रियों और उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें सफर के दौरान लगातार ऑनलाइन रहना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *