1 Aug 2026, Sat

आ गई यश की ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर की रिलीज डेट, जल्द दिखेगी ‘राया’ की दुनिया की झलक, मेकर्स ने दिया सरप्राइज

मुंबई: साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ को लेकर फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। लंबे समय से फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए मेकर्स ने बड़ी खुशखबरी दी है। केवीएन प्रोडक्शन्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए ट्रेलर रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा।

मेकर्स द्वारा साझा किए गए नए ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टर में यश एक सुनसान और बारिश से भीगी सड़क पर अकेले खड़े नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनका गंभीर और रहस्यमयी अंदाज फिल्म के डार्क और इंटेंस माहौल की झलक देता है। उन्होंने हैट और लंबा कोट पहना हुआ है और ऐसा प्रतीत होता है कि उनके हाथ में बंदूक है, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

यश ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “उल्टी गिनती शुरू हो गई है… ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 08-08-2026 को आ रहा है। ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ 26-08-2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।” हालांकि मेकर्स ने ट्रेलर के रिलीज समय की जानकारी अभी साझा नहीं की है।

यह फिल्म पहले मार्च 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन निर्माण कार्य और पोस्ट-प्रोडक्शन से जुड़े कारणों के चलते इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई थी। अब फिल्म 26 अगस्त 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लंबे इंतजार के बाद ट्रेलर की घोषणा ने फैंस के उत्साह को नई ऊर्जा दे दी है।

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ को साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद मजबूत है। यश के साथ इसमें कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसी प्रमुख अभिनेत्रियां अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है और इसके विजुअल्स, एक्शन और स्टाइलिश प्रस्तुति को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है।

इससे पहले 1 जुलाई को मेकर्स ने फिल्म का टीजर ‘लेडीज एंड लेडीज’ रिलीज किया था, जिसमें यश के साथ फिल्म की सभी प्रमुख अभिनेत्रियों की झलक देखने को मिली थी। हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘मदहोश’ को भी दर्शकों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया, जिसमें यश कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आए थे।

फिल्म में यश ‘राया’ और ‘टिकट’ नाम के दो अलग-अलग किरदार निभाते दिखाई देंगे। वहीं कियारा आडवाणी ‘नादिया’, नयनतारा ‘गंगा’, हुमा कुरैशी ‘एलिजाबेथ’, तारा सुतारिया ‘रेबेका’ और रुक्मिणी वसंत ‘मेलिसा’ के किरदार में नजर आएंगी। डबल रोल, दमदार स्टारकास्ट और डार्क एक्शन ड्रामा की वजह से ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है।

अब सभी की निगाहें 8 अगस्त पर टिकी हैं, जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज होगा और यह साफ होगा कि यश की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉक्स ऑफिस पर किस तरह का धमाका करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *