2 Jul 2026, Thu

खाड़ी देशों के सभी रूट पर फिर उड़ानें शुरू करेंगा एयर इंडिया एक्सप्रेस, यात्रियों को बड़ी राहत!

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बाद यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस ने क्षेत्र के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। ओमान के सलालाह और कुवैत के लिए संचालन बहाल होने के साथ एयरलाइन का पूरा पश्चिम एशिया नेटवर्क फिर सक्रिय हो गया है।

एयरलाइन के अनुसार, केरल के कोझिकोड और ओमान के सलालाह के बीच उड़ानों का संचालन 2 जुलाई 2026 से शुरू हो गया है। यह सेवा प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को उपलब्ध होगी। कोझिकोड से विमान सुबह 11 बजे रवाना होकर स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:05 बजे सलालाह पहुंचेगा। वापसी की उड़ान दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर शाम 7:45 बजे कोझिकोड पहुंचेगी।

कुवैत के लिए इन तारीखों से शुरू होंगी उड़ानें

कोझिकोड-कुवैत रूट पर उड़ान सेवा 3 जुलाई से सप्ताह में एक दिन शुरू होगी। इसके बाद 5 जुलाई से इस रूट पर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को तीन साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जाएंगी।

बेंगलुरु और कुवैत के बीच सेवा 4 जुलाई से शुरू होगी। शुरुआती तौर पर इस रूट पर सप्ताह में एक उड़ान संचालित की जाएगी। यात्रियों की मांग को देखते हुए 7 जुलाई से इसे बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, मंगलवार और शनिवार—कर दिया जाएगा। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि कुवैत आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानों का संचालन कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-4 से होगा।

इसके अलावा, मस्कट और मंगलुरु के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवा भी 3 जुलाई से बहाल की जा रही है। एयरलाइन वर्तमान में मस्कट से भारत के सात गंतव्यों के लिए करीब 40 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है।

18 भारतीय शहरों को पश्चिम एशिया से जोड़ती है एयरलाइन

उड़ानों की बहाली के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस अब बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के 13 गंतव्यों के लिए सेवाएं उपलब्ध करा रही है। कंपनी भारत और पश्चिम एशिया के बीच हर सप्ताह लगभग 780 उड़ानों का संचालन करती है। इसके माध्यम से देश के 18 शहर सीधे खाड़ी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव और कई देशों का हवाई क्षेत्र प्रभावित होने के कारण एयरलाइन को कुछ रूटों पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी थीं। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई थीं। इससे पहले अप्रैल में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कतर और बहरीन सहित कई खाड़ी देशों के लिए सेवाएं चरणबद्ध तरीके से बहाल करते हुए क्षेत्र में रोजाना 40 से ज्यादा उड़ानों के संचालन की घोषणा की थी।

प्रवासी भारतीयों को मिलेगी राहत

सभी सेवाएं बहाल होने से नौकरी, कारोबार, पर्यटन और पारिवारिक कारणों से भारत तथा खाड़ी देशों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। खासकर केरल और कर्नाटक से ओमान तथा कुवैत की यात्रा करने वाले प्रवासी भारतीयों को सीधी उड़ानों का लाभ मिलेगा।

बहाल किए गए रूटों के टिकट एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य अधिकृत बुकिंग माध्यमों से खरीदे जा सकते हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का नवीनतम समय और स्टेटस जांचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *