मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में घर खरीदना ही नहीं, किराये पर लेना भी आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। शहर के महंगे रेंटल मार्केट की चर्चा के बीच अंधेरी के डीएन नगर स्थित एक अपार्टमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला ने दावा किया कि वह करीब 700 वर्ग फुट के दो बेडरूम वाले फ्लैट के लिए हर महीने दो लाख रुपये किराया देती है।
यह वीडियो कंटेंट क्रिएटर आर्या कोठारी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @arya_kothari पर साझा किया है। वीडियो की शुरुआत में वह महिला से मुंबई में दिए जाने वाले किराये के बारे में पूछते हैं। महिला जब दो लाख रुपये प्रति माह बताती है तो आर्या हैरान हो जाते हैं। इसके बाद वह फ्लैट देखने की अनुमति मांगते हैं और महिला उन्हें घर का पूरा टूर कराती है।
फ्लैट के साथ मिलती हैं कई सेवाएं
महिला के अनुसार यह करीब 700 वर्ग फुट में बना 2BHK सर्विस्ड अपार्टमेंट है। घर में एक रंग-बिरंगा लिविंग रूम, दो बेडरूम और छोटी बालकनी दिखाई गई है। लिविंग रूम में रखी घूमने वाली टेबल और ऑक्टोपस जैसी सजावटी वस्तु ने भी सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा।
महिला ने बताया कि फ्लैट का किराया सामान्य अपार्टमेंट की तुलना में अधिक होने की एक वजह इसमें मिलने वाली अतिरिक्त सेवाएं हैं। उनके दावे के मुताबिक, किराये में भोजन बनाने, कपड़े धोने और प्रतिदिन हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने इसे सर्विस्ड अपार्टमेंट जैसी व्यवस्था बताया। हालांकि वीडियो में किए गए किराये और सुविधाओं से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घर में रहने के लिए कुछ दिलचस्प नियम भी लिखे दिखाई देते हैं। इनमें दयालु रहने, खुलकर हंसने, नाचने और एक-दूसरे को गले लगाने जैसी बातें शामिल हैं। महिला ने स्वीकार किया कि अपार्टमेंट कॉम्पैक्ट है, लेकिन रंगीन सजावट के कारण वह इसे जीवंत और आकर्षक मानती हैं। छोटी बालकनी से दिखाई देने वाले नजारे को उन्होंने घर की खासियत बताया।
डीएन नगर में क्यों महंगा है किराया?
महिला ने बताया कि यह अपार्टमेंट अंधेरी के डीएन नगर इलाके में स्थित है। उनके अनुसार आसपास बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं और आवास की मांग अधिक होने के कारण यहां किराये ऊंचे हैं। वीडियो में महिला ने विशेष रूप से NMIMS से जुड़े विद्यार्थियों का उल्लेख किया।
अपने काम के बारे में महिला ने बताया कि वह दूसरे शहरों से मुंबई आने वाले विद्यार्थियों को हॉस्टल और अन्य आवास खोजने में मदद करती हैं। उन्होंने दावा किया कि वह साल में केवल करीब दो महीने सक्रिय रूप से काम करती हैं।
जब उनसे पूछा गया कि मुंबई में आरामदायक जीवन बिताने के लिए कितनी सालाना कमाई होनी चाहिए, तो उन्होंने लगभग 50 लाख रुपये का आंकड़ा बताया। उनका कहना था कि अकेले घर का सालाना किराया 24 लाख रुपये हो जाता है। हालांकि उन्होंने अपनी वास्तविक आमदनी सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मुंबई के बढ़ते किराये को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने 700 वर्ग फुट के फ्लैट के लिए दो लाख रुपये को बेहद ज्यादा बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि भोजन, लॉन्ड्री और हाउसकीपिंग जैसी सेवाओं को देखते हुए इसकी तुलना सामान्य किराये से नहीं की जानी चाहिए।

