मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि हॉलीवुड सुपरस्टार हेनरी कैविल के साथ उनकी मुलाकात है। इंग्लैंड के प्रतिष्ठित ‘रॉयल एस्कॉट’ इवेंट में दोनों सितारों की मुलाकात हुई, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस इस खास मोमेंट को देखकर बेहद उत्साहित हैं और तस्वीरों पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं।
रॉयल एस्कॉट दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित हॉर्स रेसिंग इवेंट्स में से एक माना जाता है। हर साल आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में खेल, मनोरंजन और फैशन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं। इस बार सारा अली खान भी लग्जरी वॉच ब्रांड ‘लोंजिन्स’ के साथ इस इवेंट का हिस्सा बनीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इवेंट की कई खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं, जिनमें से कुछ तस्वीरों में हॉलीवुड अभिनेता हेनरी कैविल भी नजर आए।
सारा ने इस खास मौके पर आइवरी रंग का बेहद खूबसूरत स्कर्ट-सूट पहना था। इसके साथ उन्होंने मैचिंग फैसिनेटर, क्लच और मिनिमल एक्सेसरीज कैरी की थीं। उनका रॉयल और एलिगेंट लुक फैंस को काफी पसंद आया। तस्वीरों में सारा और हेनरी कैविल एक-दूसरे के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
तस्वीरें सामने आते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी। कई यूजर्स ने सारा को ‘पटौदी प्रिंसेस’ बताते हुए हेनरी कैविल के साथ उनकी मुलाकात को ‘पटौदी प्रिंसेस मीट्स सुपरमैन’ का नाम दिया। कुछ फैंस ने दोनों की जोड़ी की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने सारा की खूबसूरती और आत्मविश्वास की सराहना की। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें तेजी से शेयर की जा रही हैं और दोनों सितारों की मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सारा अली खान इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। हाल ही में वह ‘स्काई फोर्स’, ‘मेट्रो… इन दिनों’ और ‘पति पत्नी और वो 2’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। अब उनकी अगली फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर काफी चर्चा है। इस स्पाई-कॉमेडी फिल्म में वह अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक कर रहे हैं, जबकि धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट इसके निर्माता हैं।
वहीं, हेनरी कैविल की बात करें तो वह दुनिया भर में सुपरमैन के किरदार के लिए मशहूर हैं। हाल ही में वह फिल्म ‘इन द ग्रे’ में नजर आए थे। उनके पास ‘एनोला होम्स 3’, ‘वोल्ट्रॉन’ और ‘हाइलैंडर’ जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। कैविल ने आखिरी बार जैक स्नाइडर की ‘जस्टिस लीग’ में सुपरमैन का किरदार निभाया था और ‘ब्लैक एडम’ में कैमियो रोल में भी दिखाई दिए थे।
फिलहाल, रॉयल एस्कॉट में सारा अली खान और हेनरी कैविल की यह मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है। फैंस दोनों सितारों की तस्वीरों को खूब पसंद कर रहे हैं और उन्हें इस इवेंट के सबसे चर्चित मोमेंट्स में से एक बता रहे हैं।

