18 Jun 2026, Thu

इंडियाज गॉट लेटेंट 2 का हुआ ऐलान, बादशाह ने समय रैना को 1 साल पुराने विवाद की दिलाई याद, बोले- ‘अच्छा एडिटर रखना’

मुंबई। कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना एक बार फिर अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार हैं। लगभग एक साल पहले विवादों में घिरे इस शो की वापसी का आधिकारिक ऐलान हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स द्वारा किया गया। शो के दूसरे सीजन की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह का एक कमेंट भी तेजी से वायरल हो रहा है।

नेटफ्लिक्स ने नए सीजन की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में शो में नजर आए एक बॉडीगार्ड की तस्वीर दिखाई गई और मजाकिया अंदाज में दर्शकों से शो को किसी की नजर न लगे, इसके लिए नींबू-मिर्च वाले इमोजी कमेंट करने की अपील की गई। पोस्ट सामने आते ही हजारों यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।

इसी बीच रैपर बादशाह ने भी पोस्ट पर कमेंट करते हुए समय रैना को सलाह दी। उन्होंने लिखा, “अपने लिए अच्छा एडिटर ढूंढना।” बादशाह का यह कमेंट देखते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे पिछले साल हुए विवाद से जोड़कर देखा और कमेंट सेक्शन में मजाकिया प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने पुराने विवाद को याद करते हुए अलग-अलग तरह के कमेंट किए, जबकि कुछ लोगों ने शो की वापसी का स्वागत भी किया।

दरअसल, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का नाम फरवरी 2025 में बड़े विवाद के कारण सुर्खियों में आया था। उस समय शो के एक एपिसोड में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया बतौर पैनलिस्ट शामिल हुए थे। एपिसोड के दौरान उनके द्वारा माता-पिता को लेकर की गई एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। विवाद बढ़ने के बाद न केवल रणवीर अल्लाहबादिया बल्कि शो के होस्ट समय रैना और अन्य प्रतिभागियों को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

मामला सोशल मीडिया से निकलकर कानूनी और प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया। बढ़ते विवाद के बीच समय रैना ने अपने शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए थे। बाद में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी मामले में संज्ञान लिया। विवाद के चलते रणवीर अल्लाहबादिया ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा, जहां उन्हें कानूनी राहत भी मिली।

अब लगभग एक साल बाद ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ की घोषणा ने एक बार फिर शो को चर्चा में ला दिया है। दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि नए सीजन में क्या बदलाव देखने को मिलेंगे और क्या शो पहले की तरह लोकप्रियता हासिल कर पाएगा। फिलहाल, सोशल मीडिया पर शो की वापसी और बादशाह के वायरल कमेंट की जमकर चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *