प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने NDMC कन्वेंशन सेंटर में मीडिया संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज एक मजबूत, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बयान में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि देश को ऐसा दूरदर्शी, संवेदनशील और निर्णायक नेतृत्व मिला है, जिसने सेवा को राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व करोड़ों भारतीयों के लिए विश्वास का आधार बना है।
‘भारत ने वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बनाई’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल विश्व मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने वाला और समाधान प्रदान करने वाला राष्ट्र बन चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, उड़ान योजना और मेट्रो विस्तार जैसी योजनाओं ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है।
‘जनकल्याण योजनाओं से आम जनता को लाभ’
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि इन नीतियों ने गरीबों को सम्मान, युवाओं को अवसर, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को सहयोग और मध्यम वर्ग को नई उम्मीद दी है।
‘दिल्ली को मिला अभूतपूर्व सहयोग’
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दिल्ली के विकास में केंद्र सरकार का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो विस्तार, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत 2.0, एक्सप्रेसवे परियोजनाएं और नमो भारत कॉरिडोर जैसी योजनाओं ने राजधानी के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदूषण नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
‘समावेशी विकास की दिशा में मजबूत कदम’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह समावेशी विकास का मजबूत आधार है, जिससे देश के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
रेखा गुप्ता ने अंत में कहा कि भारत आज विकास और आत्मनिर्भरता के नए युग में प्रवेश कर चुका है और आने वाले समय में यह प्रगति और भी तेज होगी।

