थिम्पू/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने और भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर के नेताओं से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे ने एक भावुक पत्र लिखकर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और उनके नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की।
त्शेरिंग टोबगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी को अपना “दोस्त, भाई और मार्गदर्शक” बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, परिवर्तन और वैश्विक प्रतिष्ठा का नया अध्याय लिखा है।
2014 में हुई थी पहली मुलाकात
अपने पत्र में टोबगे ने याद किया कि उनकी प्रधानमंत्री मोदी से पहली मुलाकात वर्ष 2014 में हुई थी। तब से दोनों नेताओं के बीच नियमित संवाद और सहयोग का रिश्ता विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत और भूटान के बीच चर्चा केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने और साझा प्रगति सुनिश्चित करने पर भी केंद्रित रही है।
टोबगे ने लिखा कि सच्ची मित्रता विश्वास, सम्मान और आपसी समझ पर आधारित होती है। यही मूल्य उनके और प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत संबंधों की पहचान हैं और यही भारत-भूटान की मजबूत साझेदारी की नींव भी हैं।
भारत को बताया सबसे भरोसेमंद मित्र
भूटान के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके देश के लोग भारत को हमेशा अपना सबसे करीबी मित्र और सबसे विश्वसनीय साझेदार मानते आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और भूटान ने शांति, समृद्धि और जनकल्याण के साझा लक्ष्य के साथ मिलकर काम किया है। टोबगे ने प्रधानमंत्री मोदी को स्नेहपूर्वक “बराई भाई” (बड़े भाई) कहकर संबोधित करते हुए लिखा कि उन्होंने हमेशा भूटान की चिंताओं और आकांक्षाओं को समझा तथा हर कदम पर सहयोग दिया।
मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना
त्शेरिंग टोबगे ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोदी हर विषय पर बारीकी से ध्यान देते हैं और परिणाम हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते हैं। यह गुण उन्हें हमेशा प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, तकनीकी नवाचार, बुनियादी ढांचे के विस्तार और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
बनाया नया राजनीतिक रिकॉर्ड
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लगातार 4,399 दिन पूरे करते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 में भी जनता ने उन्हें लगातार जनादेश दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दुनिया भर से बधाइयों का सिलसिला जारी है, जिसमें भूटान के प्रधानमंत्री का यह भावुक संदेश विशेष रूप से चर्चा में है।

