‘देख ले आंखों में आंखें डाल’ से रातोंरात छाईं थीं मुमैत खान, हादसे ने बदल दी जिंदगी
मुंबई: Munna Bhai M.B.B.S. हिंदी सिनेमा की उन यादगार फिल्मों में शामिल है, जिसे दर्शक आज भी उतने ही प्यार से देखते हैं जितना रिलीज के समय देखा था। Sanjay Dutt, Arshad Warsi और Boman Irani जैसे सितारों से सजी इस फिल्म का एक गाना ‘देख ले आंखों में आंखें डाल…’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है।
इस गाने में Jimmy Shergill के साथ नजर आईं अभिनेत्री Mumaith Khan ने अपनी अदाओं और डांस मूव्स से दर्शकों को दीवाना बना दिया था। गाने में उन्होंने ‘नंदिनी’ का किरदार निभाया, जो काफी लोकप्रिय हुआ।
एक गाने ने बदल दी किस्मत
मुमैत खान की एनर्जी, आत्मविश्वास और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया। इस एक आइटम सॉन्ग ने उनके करियर को नई उड़ान दी। इसके बाद उन्हें हिंदी और साउथ सिनेमा में लगातार आइटम नंबर के ऑफर मिलने लगे।
उन्होंने ‘हलचल’, ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ और ‘राउडी राठौर’ जैसी फिल्मों में अपने डांस का जलवा बिखेरा। वहीं साउथ की सुपरहिट फिल्मों Chatrapathi और Pokiri में भी उनके आइटम सॉन्ग काफी चर्चित रहे। कुछ ही समय में वह इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय आइटम डांसर्स में शामिल हो गईं।
2016 का हादसा बना टर्निंग पॉइंट
सफलता के इस सफर के बीच साल 2016 में उनकी जिंदगी में बड़ा हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुमैत खान एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। यह हादसा इतना भयंकर था कि उनके दिमाग की पांच नसें प्रभावित हुईं और वह करीब 15 दिनों तक कोमा में रहीं।
इस दौरान उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा। उन्होंने बताया था कि हादसे के बाद उनकी जीभ मोटी हो गई थी और बोलने में भी परेशानी होती थी। लंबे समय तक उनका इलाज चला और डॉक्टरों ने उन्हें भारी काम और कठिन एक्सरसाइज से दूर रहने की सलाह दी।
बदल गया पूरा लुक
लगातार दवाइयों और ट्रीटमेंट के चलते उनके शरीर में कई बदलाव आए। खासकर उनका वजन काफी बढ़ गया, जिससे उनका ग्लैमरस लुक पूरी तरह बदल गया। जो मुमैत कभी अपनी फिटनेस और स्टाइल के लिए जानी जाती थीं, वह अब अलग अंदाज में नजर आने लगीं।
हालांकि इस बदलाव ने उनके हौसले को नहीं तोड़ा। उन्होंने खुद को संभाला और जीवन को नए सिरे से शुरू किया।
सोशल मीडिया और बिजनेस में नई शुरुआत
फिल्मों से दूरी बनाने के बाद भी मुमैत खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वह अक्सर अपने डांस वीडियो और तस्वीरें साझा करती हैं, जिनमें उनका आत्मविश्वास साफ झलकता है।
इतना ही नहीं, उन्होंने हैदराबाद में WeLyke Academy नाम से मेकअप और हेयर ट्रेनिंग अकादमी भी शुरू की है। इस संस्थान के जरिए वह युवाओं को ब्यूटी और ग्रूमिंग के क्षेत्र में ट्रेनिंग दे रही हैं।
मुमैत खान की कहानी यह बताती है कि मुश्किल हालात चाहे जितने भी बड़े क्यों न हों, अगर हिम्मत और जज्बा हो तो जिंदगी को दोबारा संवारना संभव है।

