18 Jun 2026, Thu

8 एपिसोड की क्राइम-थ्रिलर, जिसे देखकर घबरा गई थीं अक्षय ओबेरॉय की पत्नी, ‘फ्लैश’ देख एक्टर पति से लगने लगा था डर

मुंबई। फिल्मों और वेब सीरीज में कलाकार अक्सर ऐसे किरदार निभाते हैं, जो दर्शकों के दिलों-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ जाते हैं। लेकिन कभी-कभी कोई भूमिका इतनी प्रभावशाली हो जाती है कि उसका असर कलाकारों के निजी जीवन तक पहुंच जाता है। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हाल ही में अभिनेता ने खुलासा किया कि एक वेब सीरीज में निभाए गए उनके खतरनाक किरदार को देखने के बाद उनकी पत्नी तक उनसे डरने लगी थीं।

अक्षय ओबेरॉय ने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। ‘लाल रंग’, ‘गुड़गांव’, ‘पिज्जा’, ‘घुसपैठिया’, ‘एक कोरी प्रेम कथा’ और हालिया फिल्म ‘फाइटर’ जैसी परियोजनाओं में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई है। हालांकि, वर्ष 2020 में रिलीज हुई क्राइम ड्रामा सीरीज ‘फ्लेश’ (Flesh) में निभाया गया उनका किरदार आज भी चर्चा में बना हुआ है।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने बताया कि इस सीरीज में उन्होंने एक बेहद क्रूर और खतरनाक विलेन का किरदार निभाया था। यह भूमिका इतनी वास्तविक और डरावनी थी कि दर्शकों के साथ-साथ उनके परिवार पर भी इसका असर पड़ा। अभिनेता ने कहा कि जब उनकी पत्नी ने पूरी सीरीज देखी, तो वह कुछ समय तक उनसे असहज महसूस करने लगी थीं।

अक्षय ने हंसते हुए कहा, “मैं इसके लिए किसी को दोष नहीं दूंगा। मेरी पत्नी ने जब ‘फ्लेश’ देखी, तो कुछ हफ्तों तक उसे भी मुझसे डर लगता था। वह इतनी घबरा गई थी कि मेरे साथ एक ही बिस्तर पर सोने के लिए भी तैयार नहीं होती थी।” अभिनेता ने बताया कि यह उनके लिए एक अजीब लेकिन दिलचस्प अनुभव था, क्योंकि इससे उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने अपने किरदार को कितनी प्रभावशाली तरीके से निभाया था।

‘फ्लेश’ एक क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज है, जिसमें अभिनेत्री स्वरा भास्कर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। आठ एपिसोड की इस सीरीज की कहानी मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) जैसे गंभीर विषय पर आधारित है। सीरीज को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसकी कहानी और कलाकारों के दमदार अभिनय की काफी तारीफ हुई थी।

अक्षय का मानना है कि ‘फ्लेश’ उन प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिसे ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह एक बेहतरीन शो है, लेकिन अभी भी कई लोगों ने इसे नहीं देखा है। उनके अनुसार, यह सीरीज मनोरंजन के साथ-साथ समाज के एक संवेदनशील मुद्दे को भी सामने लाती है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय ओबेरॉय जल्द ही बॉलीवुड के बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट ‘किंग’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में शाहरुख खान, सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। अक्षय ने सिद्धार्थ आनंद को अपना “एंजल” बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा खास अनुभव होता है।

फिलहाल, अक्षय ओबेरॉय का यह खुलासा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस उनकी ईमानदारी व शानदार अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *