10 Jul 2026, Fri

40 साल बाद भारत के प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा, एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे पीएम लक्सन; मोदी को गले लगाया

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया से सीधे न्यूज़ीलैंड पहुंचे हैं। यह यात्रा भारत और न्यूज़ीलैंड के संबंधों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि करीब 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक यात्रा पर न्यूज़ीलैंड पहुंचा है। पीएम मोदी का विमान ‘इंडिया वन’ स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8:15 बजे ऑकलैंड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा।

एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था। इस दौरान भारत और न्यूज़ीलैंड की सेनाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर पीएम मोदी का स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। इस स्वागत को दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

पीएम लक्सन ने पीएम मोदी की यात्रा को न्यूज़ीलैंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि न्यूज़ीलैंड के लिए यह खास मौका है, क्योंकि दुनिया के एक बड़े नेता उनके देश आए हैं। पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर न्यूज़ीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के लोग लंबे समय से इस दौरे का इंतजार कर रहे थे।

इंडिया न्यूज़ीलैंड बिजनेस काउंसिल से जुड़े सुनील कौशल ने भी इस यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरे का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था और भारतीय समुदाय के लिए यह एक खास अवसर है। पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान भारतीय मूल के लोगों को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए ऑकलैंड में विशेष कार्यक्रम की तैयारी की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

अपनी न्यूज़ीलैंड यात्रा के दौरान पीएम मोदी, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और अन्य बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा, टेक्नोलॉजी और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। पीएम मोदी ने न्यूज़ीलैंड पहुंचने से पहले कहा था कि उनकी बातचीत का फोकस आर्थिक, व्यापारिक और कमर्शियल संबंधों को मजबूत करने पर रहेगा।

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हाल के वर्षों में रिश्तों में नई तेजी देखने को मिली है। मार्च 2025 में न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत का दौरा किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में कई कदम उठाए गए। अब पीएम मोदी की यह यात्रा उसी रिश्ते को और आगे ले जाने वाली मानी जा रही है।

इस दौरे में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और व्यापारिक साझेदारी भी अहम एजेंडा रह सकते हैं। दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने और बाजारों तक आसान पहुंच बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और न्यूज़ीलैंड के संबंधों में नया अध्याय जोड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *