ओटीटी पर जल्द आएगी 2026 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘वाझा 2’, 10 करोड़ के बजट में कमाए 233 करोड़
सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ‘वाझा 2: बायोपिक ऑफ बिलियन ब्रदर्स’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज के लिए तैयार है। यह मलयालम ड्रामा फिल्म अपनी दमदार कहानी और कम बजट में रिकॉर्डतोड़ कमाई को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
यह फिल्म 2 अप्रैल 2026 को थिएटर में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद इसने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया कि सभी को चौंका दिया। लगभग 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 233 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।
फिल्म ने सिर्फ कुछ ही दिनों में 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेकर इतिहास रच दिया। बताया जा रहा है कि इसने महज 7 दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था, जबकि केरल में ही 15 दिनों के भीतर 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली थी। इस शानदार प्रदर्शन के साथ इसने ‘लोकाः चैप्टर 1’ और ‘थुदारुम’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए।
‘वाझा 2’ के निर्देशन की जिम्मेदारी विपिन दास ने संभाली है। फिल्म में हाशिर, एलन, विनायक, अजिन, बिजू कुट्टन, अल्फोंस पुथरेन, विजय बाबू, अजू वर्गीस और एंजेल मारिया जैसे कलाकार शामिल हैं। खास बात यह है कि हाशिर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए लोकप्रियता हासिल की थी और अब वे फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं।
फिल्म की कहानी चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो स्कूल जीवन से लेकर वयस्कता तक के सफर में कई उतार-चढ़ाव का सामना करते हैं। यह फिल्म दोस्ती, आत्म-खोज और जीवन के बदलते अनुभवों को बेहद भावनात्मक तरीके से दिखाती है। दर्शकों ने इसकी कहानी और अभिनय को काफी पसंद किया है, जिसकी वजह से इसे आईएमडीबी पर 8.3 रेटिंग भी मिली है।
अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर 8 मई 2026 से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। थिएटर के बाद अब दर्शक इसे घर बैठे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।
फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है, क्योंकि इसने बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसने इसे 2026 की सबसे सफल फिल्मों में शामिल कर दिया है। अब देखना यह होगा कि ओटीटी पर भी यह फिल्म उतनी ही लोकप्रियता हासिल कर पाती है या नहीं।

