26 Jun 2026, Fri

34 कलाकार, 50 वैनिटी वैन और 250 कार, डायरेक्टर अहमद खान ने बताया कैसे संभाला ‘वेलकम टू द जंगल’ का महा-सेट

मुंबई। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। अक्षय कुमार स्टारर यह मल्टीस्टारर फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में 34 बड़े कलाकारों की मौजूदगी ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। अब फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं, जिन्हें जानकर हर कोई हैरान है।

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अहमद खान ने बताया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग किसी सामान्य फिल्म की तरह नहीं, बल्कि हर दिन एक विशाल म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित करने जैसी थी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर फिल्म की शूटिंग करना उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक था।

34 सितारों को एक साथ संभालना आसान नहीं था

‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत के दौरान अहमद खान ने बताया कि फिल्म में अलग-अलग पीढ़ियों के 34 कलाकार शामिल हैं और सभी के शेड्यूल को एक साथ मैनेज करना किसी एवरेस्ट पर चढ़ने जैसा था।

निर्देशक ने कहा, “आमतौर पर जब इतने बड़े सितारे एक ही सेट पर होते हैं, तो ईगो क्लैश या मनमुटाव की संभावना रहती है, लेकिन हमारी फिल्म के सेट पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। सभी कलाकारों ने बेहद सहयोगी रवैया दिखाया और शूटिंग के दौरान माहौल काफी सकारात्मक रहा।”

उन्होंने आगे कहा कि भीषण गर्मी के बीच सभी कलाकारों को एक साथ शूट के लिए इकट्ठा करना, उनकी डेट्स को मैनेज करना, कैमरा एंगल तय करना और बड़े-बड़े सेट तैयार करना बेहद कठिन काम था।

सेट पर मौजूद रहते थे 700 से 900 लोग

अहमद खान ने फिल्म के विशाल सेट का पूरा गणित भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कई दिनों में सेट पर एक साथ 30 मुख्य कलाकार मौजूद होते थे। यदि प्रत्येक कलाकार के साथ उनके निजी स्टाफ के पांच सदस्य भी शामिल किए जाएं, तो केवल कलाकारों की टीम ही लगभग 150 लोगों तक पहुंच जाती थी।

इसके अलावा फिल्म की मुख्य यूनिट में लगभग 200 सदस्य शामिल थे। जब स्टंट टीम, फाइटर्स, घुड़सवार, बैकग्राउंड डांसर्स और जूनियर आर्टिस्ट सेट पर पहुंचते थे, तब कुल लोगों की संख्या 700 से 900 के बीच हो जाती थी।

50 वैनिटी वैन और 250 कारों का इंतजाम

निर्देशक ने खुलासा किया कि शूटिंग के दौरान सेट पर रोजाना करीब 50 वैनिटी वैन खड़ी रहती थीं। इतनी बड़ी व्यवस्था के लिए निर्माताओं को एक नहीं, बल्कि दो बड़े मैदान किराए पर लेने पड़े।

अहमद खान ने कहा, “हमें कलाकारों की वैनिटी वैन, बैकग्राउंड आर्टिस्ट्स और पूरी यूनिट के लिए अलग-अलग जगह की जरूरत थी। रोजाना एक्टर्स, टेक्नीशियन्स, मेकअप आर्टिस्ट्स और हेयर स्टाइलिस्ट्स की करीब 200 से 250 कारें सेट पर आती थीं।”

सितारों से सजी है फिल्म

फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, आफताब शिवदासानी, उर्वशी रौतेला, दलेर मेहंदी और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इतनी बड़ी स्टारकास्ट और भव्य पैमाने पर बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *