मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद विवादों और जांच के घेरे में आईं अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने पहली बार खुलकर उस मुश्किल दौर को याद किया है। रिया ने बताया कि 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुई जांच और उसके बाद की घटनाओं ने उन्हें और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में दोनों भाई-बहन ने अपने जीवन के सबसे कठिन दौर, ट्रॉमा और उससे उबरने की कहानी साझा की।
दरअसल, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ड्रग्स एंगल सामने आने पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 2020 में रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। इस मामले ने न सिर्फ दोनों की निजी जिंदगी को प्रभावित किया, बल्कि उनके करियर और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाला।
‘मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई’
शो के दौरान शोविक चक्रवर्ती ने बताया कि इस घटना से पहले उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग थी। उन्होंने कहा कि वह पढ़ाई में काफी अच्छे थे और देश के प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थानों जैसे आईआईएम और व्हार्टन बिजनेस स्कूल में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन अचानक आई इस त्रासदी ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी।
शोविक ने कहा, “मैं एक साधारण छात्र था, जो अपने भविष्य को लेकर सपने देख रहा था। लेकिन फिर सब कुछ बदल गया। जिंदगी कभी-कभी ऐसे मोड़ पर ले आती है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उस दौर से बाहर निकलने में हमें करीब चार से पांच साल लग गए।”
आज भी PTSD से जूझ रहे हैं शोविक
शोविक ने यह भी खुलासा किया कि वह आज भी पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उस समय उनके घर पर लगातार एजेंसियों और मीडिया की मौजूदगी के कारण हर डोरबेल की आवाज उन्हें डराने लगी थी।
उन्होंने कहा, “आज भी जब अचानक डोरबेल बजती है तो मैं घबरा जाता हूं। मुझे पुरानी बातें याद आने लगती हैं। उस समय इतनी अफरा-तफरी थी कि हर बार डोरबेल बजने पर लगता था कि कोई फिर से हमारे पीछे आ गया है।”
रिया ने बताया अपना दर्द
नेहा धूपिया ने जब रिया चक्रवर्ती से पूछा कि क्या वह उस सदमे से पूरी तरह उबर चुकी हैं, तो अभिनेत्री ने स्वीकार किया कि यह सफर बेहद कठिन रहा। रिया ने कहा कि उनका संघर्ष सामान्य परिस्थितियों से अलग था, क्योंकि उन्हें अपने निजी दर्द से जूझने के साथ-साथ सार्वजनिक जांच और लोगों की कड़ी नजरों का भी सामना करना पड़ा।
रिया ने बताया कि उन्होंने इस कठिन समय से उबरने के लिए थेरेपी का सहारा लिया और धीरे-धीरे खुद को फिर से संभालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हीलिंग एक लंबी प्रक्रिया है और इसमें समय लगता है।
2020 में हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि जून 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मामले की जांच के दौरान ड्रग्स एंगल सामने आया था। इसके बाद NCB ने सितंबर 2020 में रिया चक्रवर्ती और शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों को जमानत मिल गई थी।
अब कई साल बाद रिया और शोविक ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने मानसिक संघर्षों, ट्रॉमा और सामाजिक दबाव का सामना किया और धीरे-धीरे अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश की।

