नई दिल्ली। भारतीय घरों में आलू की सब्जी कई तरह से बनाई जाती है। कभी मसालेदार आलू, कभी दम आलू तो कभी सूखे आलू। लेकिन अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मट्ठे वाले आलू एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। दही, आलू और देसी मसालों से तैयार होने वाली यह सब्जी स्वाद में बेहद लाजवाब लगती है। खास बात यह है कि इसे बनाने में प्याज, लहसुन और टमाटर का इस्तेमाल नहीं होता। ऐसे में बिना प्याज-लहसुन खाने वाले लोग भी इसे आसानी से बना सकते हैं।
मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने मट्ठे वाले आलू बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है। इसे घर पर कम समय में तैयार किया जा सकता है। इसे रोटी, पराठे, पूरी या चावल के साथ परोसा जा सकता है।
मट्ठे वाले आलू बनाने के लिए सामग्री
इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए आपको डेढ़ कप दही, डेढ़ कप पानी, 4 बड़े चम्मच सरसों का तेल, एक चुटकी हींग, 2-3 सूखी लाल मिर्च, 1 बड़ा चम्मच अदरक, 2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच जीरा, ¾ छोटा चम्मच हल्दी, 2 छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर और ¾ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर चाहिए।
इसके अलावा स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच काला नमक, 6 उबले आलू, एक चुटकी कसूरी मेथी और एक मुट्ठी ताजा हरा धनिया लें।
सबसे पहले तैयार करें मट्ठा
मट्ठे वाले आलू बनाने के लिए सबसे पहले आलू को कुकर में अच्छी तरह उबाल लें। ठंडा होने के बाद आलू छीलकर उन्हें मोटे-मोटे टुकड़ों में काट लें।
अब एक बड़े बाउल में डेढ़ कप दही डालकर अच्छी तरह फेंटें। इसमें डेढ़ कप पानी डालें और अच्छी तरह मिलाकर पतला मट्ठा तैयार कर लें। ध्यान रखें कि दही और पानी अच्छी तरह मिल जाएं और उसमें गांठें न रहें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा कुटा हुआ अदरक भी मिला सकते हैं।
मसालों का लगाएं तड़का
अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें हींग, सूखी लाल मिर्च, कुटी हुई अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च और जीरा डालें। जब मसाले चटकने लगें तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद तैयार किया हुआ मट्ठा कड़ाही में डालें। यहां सबसे जरूरी बात यह है कि मट्ठा डालने के बाद इसे मीडियम आंच पर लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से दही फटने या उसमें गांठें बनने की संभावना कम रहेगी।
अब डालें आलू
जब मट्ठा अच्छी तरह उबलने लगे तो इसमें कटे हुए उबले आलू डाल दें। आप चाहें तो कुछ आलू को हल्का मैश भी कर सकते हैं। इससे सब्जी की ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी और स्वादिष्ट हो जाएगी।
अब इसमें स्वादानुसार नमक और काला नमक डालें। सब्जी को कुछ देर मध्यम आंच पर पकने दें, ताकि आलू मसालों और मट्ठे का स्वाद अच्छी तरह सोख लें। अंत में कसूरी मेथी और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
गरमा-गरम मट्ठे वाले आलू को रोटी, पूरी, पराठे या चावल के साथ सर्व करें। यह आसान और स्वादिष्ट रेसिपी रोजमर्रा के खाने में भी एक बढ़िया बदलाव ला सकती है।

