90 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला सुपरहीरो शो Shaktimaan बच्चों से लेकर बड़ों तक का पसंदीदा धारावाहिक था। Mukesh Khanna द्वारा निभाया गया शक्तिमान का किरदार उस दौर में लोगों के दिलों पर राज करता था। शो की कहानी, संवाद और किरदार इतने लोकप्रिय हुए कि आज भी दर्शक उन्हें याद करते हैं। शक्तिमान के दुश्मनों की बात करें तो उनमें सबसे रहस्यमयी और खतरनाक किरदारों में से एक थी ‘शालिया’ यानी सफेद बिल्ली।
इस अनोखे किरदार को अभिनेत्री Dolly Minhas ने निभाया था। शो में शालिया को तमराज किलविश की मायावी दूत के रूप में दिखाया गया था। वह शक्तिमान और उसके परिवार के लिए बड़ा खतरा बनकर सामने आई थी। अपने डरावने अंदाज, तेज निगाहों और रहस्यमयी अभिनय से डॉली मिन्हास ने इस किरदार को यादगार बना दिया था। उस समय बच्चे इस किरदार को देखकर डर जाते थे, लेकिन इसकी लोकप्रियता भी काफी ज्यादा थी।
‘शक्तिमान’ की कहानी में तमराज किलविश ने शक्तिमान को खत्म करने के लिए दो खतरनाक बिल्लियों को धरती पर भेजा था। इनमें काली बिल्ली ‘शलाका’ और सफेद बिल्ली ‘शालिया’ शामिल थीं। शालिया का मिशन शक्तिमान के पिता मेजर रंजीत सिंह को नुकसान पहुंचाना था। हालांकि वह पूरी तरह सफल नहीं हो पाई, लेकिन उसकी मौजूदगी ने शो में रोमांच और सस्पेंस बढ़ा दिया था।
बहुत कम लोग जानते हैं कि अभिनय से पहले डॉली मिन्हास मॉडलिंग की दुनिया में भी बड़ा नाम रह चुकी हैं। उन्होंने साल 1988 में ‘फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स’ का खिताब जीता था। अपनी खूबसूरती और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने टीवी और फिल्मों की ओर रुख किया और कई लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं।
डॉली मिन्हास ने सिर्फ हिंदी टीवी इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि पंजाबी और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया है। छोटे पर्दे पर उन्होंने ‘हिंदुस्तानी’, ‘रामायण’, ‘विष्णु पुराण’, ‘बहनें’, ‘पुनर्विवाह’, ‘दिल से दिल तक’ और ‘छोटी सरदारनी’ जैसे कई चर्चित धारावाहिकों में अहम भूमिकाएं निभाईं। वे अक्सर मजबूत और प्रभावशाली किरदारों में नजर आईं और हर बार दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहीं।
फिल्मों की बात करें तो डॉली मिन्हास ने Akshay Kumar की फिल्म Mr Bond से लेकर Kabir Singh और Dil Dhadakne Do जैसी फिल्मों में भी यादगार भूमिकाएं निभाईं। लंबे समय बाद भी उनका अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को प्रभावित करता है।
आज करीब 28 साल बाद डॉली मिन्हास का लुक काफी बदल चुका है। बढ़ती उम्र के साथ उनके व्यक्तित्व में नया बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन उनका आत्मविश्वास और ग्रेस आज भी वैसा ही है। वे अब भी मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं और टीवी इंडस्ट्री में लगातार काम कर रही हैं।
‘शक्तिमान’ के फैंस के लिए डॉली मिन्हास हमेशा उस रहस्यमयी सफेद बिल्ली ‘शालिया’ के रूप में याद की जाएंगी, जिसने अपने दमदार अभिनय से शो को और भी रोमांचक बना दिया था।

