2 May 2026, Sat

मुनव्वर फारूकी बने पापा, पत्नी मेहजबनी ने दिया बेटी को जन्म, अस्पताल से सामने आई फोटो, पहले से हैं दो बच्चे

स्टैंडअप कॉमेडियन और मुनव्वर फारूकी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई विवाद या शो नहीं, बल्कि उनके घर आई खुशखबरी है। ‘बिग बॉस 17’ के विजेता मुनव्वर फारूकी दोबारा पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी मेहजबीन कोटवाला ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को खुद मुनव्वर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया, जिसके बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

मुनव्वर ने 1 मई की देर रात अस्पताल से एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उनकी पत्नी और नवजात बेटी की झलक देखने को मिली। हालांकि उन्होंने तस्वीर में बेटी और मेहजबीन का चेहरा नहीं दिखाया, लेकिन उनकी खुशी साफ झलक रही थी। इस पोस्ट के साथ मुनव्वर ने अपनी बेटी का नाम भी बताया और लिखा, “बरकत घर आई है। अल्हमदुलिल्लाह। दुआओं में याद रखें।” इस भावुक पोस्ट ने उनके फैंस को काफी प्रभावित किया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।

जैसे ही मुनव्वर ने यह खुशखबरी साझा की, कई सेलिब्रिटीज़ ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने कमेंट करते हुए लिखा, “बधाई हो भाई,” जबकि जन्नत जुबैर ने “बहुत-बहुत मुबारक” कहकर अपनी खुशी जाहिर की। इसके अलावा ओरहान अवतरामानी (ओरी), मेधा शंकर और दीया मिर्जा जैसे कई सितारों ने भी पोस्ट को लाइक और कमेंट कर उन्हें बधाई दी। वहीं, उनके फैंस भी इस खबर से बेहद खुश हैं और लगातार सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं भेज रहे हैं।

अगर मुनव्वर फारूकी की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उन्होंने ‘बिग बॉस 17’ जीतने के कुछ ही महीनों बाद मेकअप आर्टिस्ट मेहजबीन कोटवाला से शादी की थी। उनकी यह शादी काफी प्राइवेट रही थी और लंबे समय तक उन्होंने इसे सार्वजनिक नहीं किया था। बाद में उन्होंने फिल्ममेकर फराह खान के व्लॉग में अपनी दूसरी शादी के बारे में खुलकर बात की थी।

दिलचस्प बात यह है कि यह मुनव्वर और मेहजबीन दोनों की दूसरी शादी है। मुनव्वर की पहली शादी से उनका एक बेटा मिकेल है, जबकि मेहजबीन की भी एक बेटी है। दोनों अपने-अपने बच्चों की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं। मुनव्वर ने पहले बताया था कि उन्होंने अपने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए दूसरी शादी का फैसला लिया था।

अब बेटी के जन्म के साथ मुनव्वर का परिवार और भी पूरा हो गया है। फैंस उनके इस नए सफर के लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *