मुंबई: सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। फिल्म में सलमान खान चीनी सेना के खिलाफ मोर्चा लेते नजर आ रहे हैं। इसी बीच ट्रेलर में चीनी सेना के मेजर के किरदार में दिखाई दिए अभिनेता अनूप बिक्रम शाही ने भी सबका ध्यान खींचा है। हिंदी सिनेमा के दर्शकों के लिए अनूप नया चेहरा हो सकते हैं, लेकिन नेपाली फिल्म इंडस्ट्री में वह अपनी दमदार पहचान बना चुके हैं।
नेपाली सिनेमा के चर्चित विलेन हैं अनूप बिक्रम शाही
अनूप बिक्रम शाही नेपाली सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनकी लंबी कद-काठी, आकर्षक व्यक्तित्व और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस उन्हें अलग पहचान देती है। उन्होंने अपने करियर में कई नकारात्मक किरदार निभाए हैं और इन्हीं भूमिकाओं से उन्हें खास लोकप्रियता मिली।
अनूप का जन्म काठमांडू में हुआ था। उन्होंने मनोरंजन जगत में अपने सफर की शुरुआत मॉडलिंग से की। साल 2013 में उन्होंने ‘मैनहंट इंटरनेशनल नेपाल’ का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद 2016 में चीन के शेनझेन में आयोजित ‘मैनहंट इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता में नेपाल का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतियोगिता में उन्हें ‘बेस्ट टीवी मॉडल’ का पुरस्कार मिला था।
फिल्म ‘हसिया’ से मिली बड़ी पहचान
मॉडलिंग में सफलता हासिल करने के बाद अनूप ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। साल 2013 में उन्होंने नेपाली फिल्म ‘सौर्य’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। हालांकि, 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘हसिया’ उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में उनके निगेटिव किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया और वह नेपाली सिनेमा के चर्चित विलेन बन गए।
इसके बाद उन्होंने ‘बीर बिक्रम’, ‘किंग’, ‘क्री’, ‘लिली बिली’, ‘जय शंभू’, ‘पुरानो बुलेट’, ‘पासवर्ड’, ‘लक्षे’ और ‘लप्पन छप्पन 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। अपने स्टाइल और दमदार अंदाज के कारण भी अनूप ने नेपाली मनोरंजन जगत में खास जगह बनाई है।
टीवी रियलिटी शो में भी दिखा चुके हैं दम
फिल्मों के अलावा अनूप टेलीविजन की दुनिया में भी सक्रिय रहे हैं। वह नेपाली रियलिटी शो ‘हिमालयन रोडीज’ में गैंग लीडर के रूप में नजर आए। शो में उनके बेबाक अंदाज और प्रभावशाली व्यक्तित्व को दर्शकों ने पसंद किया।
राजनीति में भी रख चुके हैं कदम
अभिनय और मॉडलिंग के अलावा अनूप बिक्रम शाही राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। साल 2022 में वह नेपाली कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे।
अब फिल्म ‘मातृभूमि’ के जरिए अनूप बिक्रम शाही हिंदी सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म में सलमान खान के साथ चीनी सेना के मेजर के रूप में उनकी भूमिका को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है। नेपाली सिनेमा में अपनी पहचान बना चुके अनूप के लिए यह बॉलीवुड डेब्यू करियर का एक नया पड़ाव साबित हो सकता है।

