2 Sep 2026, Wed

मां बनने के बाद लौटी थीं नौकरी पर, टाइम्स स्क्वायर में चाकू से हमला; बैंक ऑफ अमेरिका की वीपी की मौत

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मशहूर टाइम्स स्क्वायर के पास हुए चाकूबाजी के हमले में बैंक ऑफ अमेरिका की 32 वर्षीय वाइस प्रेसिडेंट एरिन पियाचेंटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एरिन हाल ही में मातृत्व अवकाश पूरा करने के बाद काम पर लौटी थीं। इस घटना में एक 68 वर्षीय व्यक्ति भी घायल हुआ है। वहीं, हमले के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की कार्रवाई में संदिग्ध महिला हमलावर की मौत हो गई।

घर लौटते समय हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, एरिन पियाचेंटी वेस्ट 42वीं स्ट्रीट और सेवेंथ एवेन्यू के आसपास से अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक महिला ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में एरिन गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हमले में घायल 68 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

कौन थीं एरिन पियाचेंटी?

एरिन पियाचेंटी बैंक ऑफ अमेरिका की बिजनेस सिलेक्शन एंड कॉन्फ्लिक्ट्स यूनिट में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से पढ़ाई की थी और इसके बाद फोर्डहम लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की थी।

एरिन की निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी हाल ही में सामने आई थीं। उन्होंने अपने नवजात बच्चे और पति के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की थी। बताया गया कि उनके बच्चे का हाल ही में बपतिस्मा हुआ था और उन्होंने अपने पति के साथ शादी की दूसरी सालगिरह भी मनाई थी। मातृत्व अवकाश के बाद उनका दोबारा काम पर लौटना भी हाल की बात थी।

पुलिस ने संदिग्ध महिला को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, हमले में संदिग्ध महिला के पास दो चाकू थे। अधिकारियों ने उसे रोकने के लिए पहले टेजर का इस्तेमाल किया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध महिला की मौत हो गई।

संदिग्ध की पहचान 49 वर्षीय पामेला सिसनेरोस के रूप में बताई गई है। घटना के दौरान पुलिस की कार्रवाई और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी घटना को लेकर अलग-अलग जानकारियां दी हैं।

परिवार और सहकर्मियों में शोक

एरिन की अचानक हुई मौत से उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों में शोक का माहौल है। बैंक ऑफ अमेरिका की ओर से भी उनके निधन पर दुख जताया गया। संस्था ने एरिन को लेकर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से सहयोगी बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।

टाइम्स स्क्वायर जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हमले के मकसद और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *