शहजाद भट्टी नेटवर्क पर महाराष्ट्र ATS का बड़ा एक्शन, राज्यभर में कई ठिकानों पर छापेमारी
पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर और कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क पर महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते यानी ATS ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह से राज्य के कई जिलों में ATS की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की जा रही है, जिनके शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में होने की आशंका जताई जा रही है।
महाराष्ट्र ATS ने मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वरी, नवी मुंबई, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर सहित कई इलाकों में छापेमारी की। इस ऑपरेशन में ATS की राज्यभर की 14 यूनिटों की अलग-अलग टीमें शामिल हैं। अधिकारियों का फोकस इस बात की जांच पर है कि संदिग्ध लोगों का संपर्क सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ATS ने अब तक 112 लोगों का पता लगाकर उनसे पूछताछ शुरू की है। वहीं, करीब 150 से ज्यादा लोग जांच एजेंसी के रडार पर बताए जा रहे हैं। इन लोगों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स, चैट रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है। ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन लोगों को किसी तरह देशविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया गया था।
प्रारंभिक जांच में एजेंसियों को शक है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को प्रभावित करने और उन्हें अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि ऑनलाइन संपर्कों के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा, गैंगस्टर ग्लैमर, आर्थिक लालच और संवेदनशील जानकारी इकट्ठा करने जैसी गतिविधियों की ओर मोड़ा जा रहा था। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किन लोगों की भूमिका गंभीर है और किनका संपर्क केवल ऑनलाइन बातचीत तक सीमित था।
महाराष्ट्र ATS की यह कार्रवाई केंद्रीय जांच एजेंसी NIA की हालिया छापेमारी के बाद तेज हुई है। NIA ने ऑनलाइन आतंकी कट्टरपंथीकरण से जुड़े एक मामले में दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, बिहार, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाया था। उस मामले में एजेंसी ने डिजिटल डिवाइस जब्त किए थे, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
NIA की जांच में ISIS और AQIS जैसे आतंकी संगठनों की विचारधारा फैलाने और युवाओं को ऑनलाइन गुमराह करने की साजिश का एंगल सामने आया है। इसी कड़ी में अब महाराष्ट्र ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शहजाद भट्टी से जुड़े कथित सोशल मीडिया संपर्क राज्य में किस स्तर तक फैले हुए हैं।
इससे पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने भी शहजाद भट्टी से जुड़े कथित मॉड्यूल्स का खुलासा किया था और कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि इन मॉड्यूल्स के जरिए संवेदनशील जगहों की रेकी और हमले की साजिश रची जा रही थी।
फिलहाल महाराष्ट्र ATS की कार्रवाई जारी है। पूछताछ और डिजिटल सबूतों की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि इस नेटवर्क में किन लोगों की वास्तविक भूमिका थी और किन लोगों को केवल सोशल मीडिया संपर्कों के आधार पर जांच के दायरे में लाया गया है।

