भारतीय रसोई में भिंडी की सब्जी एक लोकप्रिय और पसंदीदा व्यंजन मानी जाती है। लगभग हर घर में भिंडी अलग-अलग तरीकों से बनाई जाती है, लेकिन अगर आप रोजमर्रा के स्वाद से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो महाराष्ट्रीयन स्टाइल मूंगफली वाली भिंडी की सब्जी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस खास रेसिपी में भिंडी के साथ भुनी हुई मूंगफली, नारियल और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है।
महाराष्ट्र के पारंपरिक व्यंजनों में मूंगफली का विशेष स्थान है। यही वजह है कि यहां कई सब्जियों में मूंगफली का इस्तेमाल किया जाता है। मूंगफली वाली भिंडी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है बल्कि पौष्टिक भी होती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं।
आवश्यक सामग्री
इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए 250 ग्राम भिंडी, 3 बड़े चम्मच भुनी हुई मूंगफली, 2 से 3 बड़े चम्मच सूखा नारियल, 5-6 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक, 1 हरी मिर्च, 10-12 करी पत्ते, आधा छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच सौंफ, 2 बड़े चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, आधे नींबू का रस और हरा धनिया की जरूरत होगी।
मसाला तैयार करने की विधि
सबसे पहले मूंगफली को हल्का भून लें और ठंडा होने दें। इसके बाद मिक्सर जार में भुनी हुई मूंगफली, सूखा नारियल, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, जीरा और सौंफ डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मसाला बहुत बारीक न हो, क्योंकि इसका हल्का दरदरा टेक्सचर ही सब्जी के स्वाद को खास बनाता है।
भिंडी तैयार करने का सही तरीका
भिंडी को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पोंछ लें और पूरी तरह सूखने दें। यह स्टेप बेहद जरूरी है क्योंकि गीली भिंडी पकाने पर चिपचिपी हो सकती है। सूखने के बाद भिंडी के दोनों किनारे काटकर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट सब्जी
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार मूंगफली मसाला डालें। इसमें नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाकर 2 से 3 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें। मसाला पक जाने के बाद इसे एक बर्तन में निकाल लें।
अब उसी कड़ाही में थोड़ा तेल डालें और कटी हुई भिंडी को नमक व हल्दी के साथ तेज आंच पर एक मिनट तक भूनें। इसके बाद ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर पकाएं। कुछ देर बाद ढक्कन हटाकर भिंडी को हल्के हाथों से चलाएं। अधिक चलाने से भिंडी टूट सकती है और उसका टेक्सचर खराब हो सकता है।
जब भिंडी अच्छी तरह पक जाए तो उसमें तैयार मूंगफली मसाला मिलाएं और 2 मिनट तक पकाएं। आखिर में नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
खाने का बढ़ जाएगा स्वाद
महाराष्ट्रीयन स्टाइल मूंगफली वाली भिंडी की सब्जी को आप रोटी, पराठा या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं। इसका अनोखा स्वाद और कुरकुरा टेक्सचर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा। अगर आप अपने खाने में कुछ नया और स्वादिष्ट जोड़ना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

