भोजपुरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का नया रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे नजर आ रहे हैं। पवन सिंह, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे चर्चित कलाकारों के बीच तेज प्रताप यादव भी अपने अलग अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। अब शो का एक नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज प्रताप यादव बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ मजेदार अंदाज में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, हाल ही में मेकर्स ने ‘भोजपुरी बवाल’ का एक प्रोमो जारी किया है। इस वीडियो में मल्लिका शेरावत और तेज प्रताप यादव आमने-सामने बैठे नजर आते हैं। बातचीत के दौरान मल्लिका अपना हाथ तेज प्रताप यादव को दिखाती हैं और उनसे भविष्य बताने के लिए कहती हैं। इसके बाद तेज प्रताप बड़े ही आत्मविश्वास के साथ अभिनेत्री की हथेली देखते हुए उनकी किस्मत के बारे में बताते हैं।
तेज प्रताप ने बताया मल्लिका का भविष्य
प्रोमो में तेज प्रताप यादव मल्लिका शेरावत का हाथ देखते हुए कहते हैं कि उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है। साथ ही वह कहते हैं कि लोग उन्हें काफी हर्ट भी करते हैं। तेज की बात सुनकर मल्लिका सहमति में सिर हिलाती हैं। इसके बाद तेज प्रताप उनसे उनकी राशि पूछते हैं।
मल्लिका बताती हैं कि उनकी राशि तुला है। यह सुनकर तेज प्रताप तुरंत कहते हैं कि तुला राशि उनकी भी है। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और भी मजेदार हो जाती है। मल्लिका उनसे पूछती हैं कि तुला राशि के हिसाब से उन्हें कौन सा पत्थर पहनना चाहिए।
इस पर तेज प्रताप अपने हाथ में पहनी अंगूठी दिखाते हुए कहते हैं कि यह पुखराज है और इसे पहनने से उनका सूर्य तेज होगा। तेज की इस बात पर मल्लिका शेरावत मजाकिया अंदाज में जवाब देती हैं, “और कितना तेज चाहिए, तेज जी।” अभिनेत्री का यह जवाब सुनकर तेज प्रताप भी मुस्कुराने और शर्माने लगते हैं। इसके बाद दोनों जमकर हंसते नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
तेज प्रताप यादव और मल्लिका शेरावत की यह मजेदार केमिस्ट्री अब सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रही है। वीडियो में दोनों के बीच की बातचीत और हंसी-मजाक को देखकर फैंस भी खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इससे पहले मल्लिका शेरावत ने तेज प्रताप के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए संकेत दिया था कि कुछ एक्साइटिंग आने वाला है। अब शो के प्रोमो में दोनों की यह खास बातचीत सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘भोजपुरी बवाल’ भोजपुरी मनोरंजन जगत का एक नया रियलिटी शो है, जिसमें इंडस्ट्री से जुड़े कई जाने-माने चेहरे हिस्सा ले रहे हैं। शो में मनोरंजन, मस्ती और सितारों की अनोखी केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। वहीं, तेज प्रताप और मल्लिका शेरावत का यह वायरल प्रोमो आने वाले एपिसोड को लेकर दर्शकों के बीच खासा बज बना रहा है।

