14 Jun 2026, Sun

बिहार में चलती ट्रेन में गोलीबारी, लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने यात्री को गोली मारी

 

बिहार के खगड़िया जिले में एक बार फिर चलती ट्रेन में अपराध की बड़ी घटना सामने आई है। मानसी-सहरसा रेलखंड पर अमृतसर-नरपतगंज जनसाधारण एक्सप्रेस (14604) में बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर एक यात्री को गोली मार दी। इस घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

चलती ट्रेन में घुसे हथियारबंद बदमाश

जानकारी के अनुसार, यह घटना बदलाघाट रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार रात करीब 8:30 बजे हुई। कुछ हथियारबंद बदमाश ट्रेन में घुस आए और यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। जैसे ही एक यात्री ने इसका विरोध किया, बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

घायल यात्री की पहचान 37 वर्षीय देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। वह अपनी पत्नी के साथ सुपौल जा रहा था।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

गोली चलने की घटना के बाद पूरे कोच में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचा और घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

घायल यात्री को पहले बदलाघाट के नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

मानसी रेल थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि चलती ट्रेन में लूटपाट और गोलीबारी के मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *