Weather Update 15 July 2026: देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने वाली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रह सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते अगले सात दिनों के दौरान पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश बढ़ सकती है।
ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी
15 जुलाई को ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। अत्यधिक वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति, यातायात बाधित होने और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।
बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार में 15 जुलाई के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में 20 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, झारखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
17 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 18 जुलाई से बारिश बढ़ने की संभावना है। उत्तराखंड में 20 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
बिजली और तेज हवाओं का भी खतरा
भारी बारिश के साथ कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और अंडमान-निकोबार में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बिहार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में भी तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है।
दक्षिण भारत में गर्मी और उमस
उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले छह से सात दिनों तक बारिश सामान्य से कम रह सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

