27 Aug 2026, Thu

‘बिग बॉस 20’ में होगी CJP प्रोटेस्ट वाली रिया अहिर की एंट्री? ट्रोल्स पर तोड़ी चुप्पी- मैं एक्टिविस्ट नहीं, एक्ट्रेस

‘बिग बॉस 20’ में एंट्री को लेकर चर्चा में आईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेत्री रिया अहीर इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। कुछ समय पहले जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में रिया पुलिस वैन को हाथ से रोकती हुई नजर आई थीं। इसके बाद विपक्षी नेताओं के साथ उनके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने। अब ‘बिग बॉस 20’ में उनकी संभावित एंट्री की खबरों के बीच रिया को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

बिग बॉस के नए प्रोमो से बढ़ी चर्चा

हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ का नया प्रोमो सामने आया, जिसके बाद रिया अहीर के शो में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गईं। प्रोमो में सलमान खान ने पिछले सीजन के लोकप्रिय कॉन्सेप्ट ‘फैंस का फैसला’ को दोबारा पेश किया है। दर्शकों को रिया अहीर और लव गिल में से किसी एक को चुनने का मौका दिया गया है। बताया गया है कि जिसे सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे, उसे सीधे ‘बिग बॉस’ के मुख्य घर में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

प्रोमो सामने आने के बाद जहां कई दर्शकों ने रिया का समर्थन किया, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें निशाने पर भी लिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने जंतर-मंतर के प्रदर्शन में केवल पब्लिसिटी और कैमरे की फुटेज हासिल करने के लिए हिस्सा लिया था।

ट्रोल्स को रिया ने दिया करारा जवाब

इन आलोचनाओं के बीच रिया ने सोशल मीडिया पर एक फैन के कमेंट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इस कमेंट में उनके बारे में कहा गया था कि वह सामाजिक कार्यकर्ता नहीं हैं और न ही एक्टिविज्म उनका पेशा है। वह एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थीं और उनका वीडियो संयोग से वायरल हो गया। इसके बाद लोगों ने उनसे यह उम्मीद करना शुरू कर दिया कि वह सामाजिक कार्यों को ही अपना करियर बना लें।

फैन ने यह भी कहा कि रिया पेशे से अभिनेत्री, मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं और अगर उन्हें देश के बड़े रियलिटी शो में शामिल होने का मौका मिल रहा है तो उन्हें इसे स्वीकार करने का पूरा अधिकार है। किसी एक प्रदर्शन में शामिल होने के कारण उनसे हमेशा सामाजिक आंदोलन का हिस्सा बने रहने की उम्मीद करना उचित नहीं है।

13 साल से थिएटर में कर रहीं काम

रिया ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए साफ किया कि यह उनके मन की बात को पूरी तरह व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सही चीजों के साथ खड़े होने की कोशिश करती हैं, लेकिन इसके साथ-साथ वह एक कलाकार भी हैं। इसलिए अभिनय और करियर से जुड़ा कोई अच्छा अवसर मिलने पर वह उसे जरूर स्वीकार करेंगी।

रिया ने यह भी बताया कि जंतर-मंतर वाला उनका वायरल वीडियो भले ही काफी चर्चित हुआ हो, लेकिन उससे उन्होंने एक भी रुपया नहीं कमाया। उन्होंने दावा किया कि वह पिछले 13 वर्षों से थिएटर में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उनका कहना है कि एक कलाकार के तौर पर उनकी रोजी-रोटी उनके अभिनय करियर पर निर्भर है। ऐसे में अपने प्रोफेशनल अवसरों को स्वीकार करना उनके लिए स्वाभाविक है।

अब देखना होगा कि ‘बिग बॉस 20’ में दर्शकों का फैसला रिया अहीर के पक्ष में जाता है या लव गिल बाजी मारते हैं। फिलहाल रिया की संभावित एंट्री और उनका बेबाक जवाब दोनों ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *