14 Jul 2026, Tue

पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ रहे हालात, लगातार दूसरे दिन लाल निशान में खुला शेयर बाजार- इन स्टॉक्स में बड़ी गिरावट

Stock Market Today, 14 July 2026: पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते सैन्य तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पैदा हुई चिंताओं का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। घरेलू बाजार ने लगातार दूसरे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 344.06 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 77,272.34 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 143 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,068 अंक पर खुला।

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के पश्चिम एशिया के दूसरे क्षेत्रों में फैलने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला करने का दावा किया है। क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण कच्चे तेल की कीमतों, हवाई सेवाओं और वैश्विक व्यापार पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सेंसेक्स के 25 शेयर लाल निशान में खुले

मंगलवार को सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से केवल पांच कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ खुले, जबकि 25 शेयरों ने गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया। इसी तरह निफ्टी 50 में शामिल 50 कंपनियों में से केवल 11 शेयर हरे निशान में रहे और बाकी 39 शेयरों में शुरुआती कमजोरी देखने को मिली।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर सबसे ज्यादा 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुला। इसके अलावा इन्फोसिस में 0.73 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स में 0.59 प्रतिशत, टीसीएस में 0.25 प्रतिशत और एनटीपीसी में 0.17 प्रतिशत की शुरुआती तेजी दर्ज की गई।

इंडिगो के शेयरों में सबसे बड़ी गिरावट

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में शामिल इंडिगो के शेयरों ने लगातार दूसरे दिन सबसे बड़ी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। कंपनी का शेयर मंगलवार को 2.49 प्रतिशत टूटकर खुला। सोमवार को भी सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो के शेयरों में सबसे ज्यादा शुरुआती गिरावट दर्ज की गई थी।

पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव एयरलाइन कंपनियों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से विमान ईंधन महंगा होने का खतरा रहता है। इसके अलावा कुछ अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों में बदलाव या उड़ानें प्रभावित होने से एयरलाइन कंपनियों की लागत बढ़ सकती है।

ऑटो, बैंकिंग और फार्मा शेयरों पर दबाव

सेंसेक्स की अन्य कंपनियों में एशियन पेंट्स का शेयर 1.58 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 1.40 प्रतिशत गिरकर खुला। बजाज फाइनेंस में 1.26 प्रतिशत, पावर ग्रिड और सन फार्मा में 1.15-1.15 प्रतिशत तथा ट्रेंट में 1.13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.80 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.75 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.73 प्रतिशत और एलएंडटी 0.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ खुला। कोटक महिंद्रा बैंक और एटरनल में 0.61-0.61 प्रतिशत की गिरावट रही।

इसके अलावा बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, आईटीसी, एसबीआई, टाटा स्टील, बीईएल और मारुति सुजुकी के शेयरों ने भी लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया की स्थिति, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक बाजारों के संकेतों पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी। संघर्ष और तेज होने की स्थिति में घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *