4 Jul 2026, Sat

पकड़ा गया 15 लाख का इनामी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों, पंजाब पुलिस के इनपुट पर स्पेन में दबोचा गया

पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब AGTF से मिले इनपुट के आधार पर स्पेन की सुरक्षा एजेंसियों ने वांछित गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को मैड्रिड से हिरासत में लिया है। गोल्डी ढिल्लों लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल था। उस पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी और पंजाब पुलिस ने कुल 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोल्डी ढिल्लों की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस की ओर से काफी समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे थे। उसके स्पेन में मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने स्पेन की सुरक्षा एजेंसियों के साथ जानकारी साझा की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे मैड्रिड शहर से हिरासत में ले लिया गया।

चंडीगढ़ के मेडिकल हॉल कैशियर की हत्या का आरोप

गोल्डी ढिल्लों पर चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल के कैशियर जानकी दास की हत्या करवाने का आरोप है। जानकी दास की 13 जून को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस वारदात के पीछे गोल्डी ढिल्लों की भूमिका होने का संदेह है। मामले की जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस का मानना है कि गोल्डी ढिल्लों विदेश में बैठकर अपने साथियों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाता था। उसके नेटवर्क और भारत में सक्रिय सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

कभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का था हिस्सा

जांच एजेंसियों के मुताबिक, गोल्डी ढिल्लों पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़ा हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और गोल्डी ढिल्लों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दूरी बना ली। इसके बाद वह बिश्नोई गैंग का विरोधी बन गया था।

बताया जा रहा है कि गिरोह से अलग होने के बाद गोल्डी ढिल्लों ने अपना अलग नेटवर्क तैयार किया और विदेशों से आपराधिक गतिविधियों को संचालित करना शुरू कर दिया। कनाडा में हुई कई फायरिंग की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आने का दावा किया गया है। हालांकि, इन मामलों में उसकी भूमिका की जांच संबंधित सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

कुल 15 लाख रुपये का था इनाम

गोल्डी ढिल्लों राष्ट्रीय जांच एजेंसी का भी वांछित आरोपी था। NIA ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा पंजाब पुलिस ने भी उस पर पांच लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। इस तरह उस पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अब भारतीय एजेंसियां स्पेन के अधिकारियों के साथ मिलकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगी। गोल्डी ढिल्लों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण या निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। भारत लाए जाने के बाद उससे हत्या, फायरिंग, गैंगस्टर नेटवर्क, रंगदारी और उसके विदेशी संपर्कों से जुड़े मामलों में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *