9 Jul 2026, Thu

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा भारी! लाइसेंस होगा सस्पेंड, दो दिन की अनिवार्य ट्रेनिंग के बाद ही मिलेगा वापस

 

दिल्ली में वाहन चलाने वालों के लिए अब ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज करना और भी भारी पड़ सकता है। राजधानी में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। नए प्रस्तावित नियमों के तहत गंभीर ट्रैफिक उल्लंघन करने पर न सिर्फ ड्राइविंग लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित किया जाएगा, बल्कि लाइसेंस दोबारा चालू कराने से पहले चालक को दो दिन की अनिवार्य ट्रेनिंग और काउंसिलिंग भी करनी होगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली परिवहन विभाग ने इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मंजूरी मिलते ही इसे राजधानी में लागू किया जा सकता है। अभी तक गंभीर ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाता था, लेकिन कई मामलों में वाहन चालक निलंबन अवधि पूरी होने के बाद फिर से वही गलतियां दोहराते दिखाई दिए। इसी वजह से अब सिर्फ जुर्माना या लाइसेंस सस्पेंशन के बजाय चालकों के व्यवहार में सुधार लाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

नए नियम के तहत जिन वाहन चालकों का लाइसेंस गंभीर उल्लंघन के कारण निलंबित होगा, उन्हें उसे वापस पाने से पहले दो दिन की विशेष ट्रेनिंग में हिस्सा लेना होगा। इस ट्रेनिंग में सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग, तेज रफ्तार के खतरे, शराब पीकर वाहन चलाने के नुकसान, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही काउंसिलिंग के जरिए वाहन चालकों को जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जाएगा।

परिवहन विभाग का मानना है कि सड़क हादसों का बड़ा कारण मानवीय लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। ऐसे में केवल दंड देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। अगर नियम तोड़ने वाले चालकों को सड़क सुरक्षा की गंभीरता समझाई जाए, तो उनके व्यवहार में बदलाव लाया जा सकता है। इसी सोच के तहत दो दिन की ट्रेनिंग को अनिवार्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

राजधानी दिल्ली में रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता है। तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और खतरनाक तरीके से वाहन मोड़ने जैसे मामलों में प्रतिदिन औसतन 25 से 30 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली के लाइसेंसधारी कई चालक दूसरे राज्यों में भी नियम तोड़ते पाए जा रहे हैं। राजस्थान से भी ऐसे मामलों में दिल्ली परिवहन विभाग को लाइसेंस निलंबन की सिफारिशें भेजी जा रही हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस भी लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर ‘ट्रैफिक पाठशाला’ चला रही है। इसके जरिए वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और नियमों के पालन की सीख दी जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान से सड़क हादसों में कमी आएगी और राजधानी की सड़कों पर अनुशासन बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *