मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से अंधविश्वास और धोखाधड़ी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दहिसर इलाके में एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपती को तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, डायन और बुरी आत्माओं का डर दिखाकर कथित तौर पर 6.38 करोड़ रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने करीब 10 साल तक दंपती को अपने जाल में फंसाए रखा। इस दौरान उनसे चार फ्लैट, लगभग 1,200 ग्राम सोना, करोड़ों रुपये के शेयर और नकदी हड़पने का आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पड़ोसी के जरिए शुरू हुई आरोपियों से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, ठगी का सिलसिला दिसंबर 2016 में शुरू हुआ था। दहिसर पूर्व की गायत्री सोसाइटी में रहने वाली परसिस दारा मेहता की मुलाकात उनकी पड़ोसी मेघना इनामदार के माध्यम से पनवेल की रमाबाई साने और उसके सहयोगी उमेश देशपांडे से हुई थी। उस समय परसिस के पति दारा मेहता को तीन बार लकवे का अटैक आ चुका था।
आरोपियों ने दंपती को बताया कि उनके घर में वास्तुदोष और जादू-टोने का प्रभाव है। इसे दूर करने के नाम पर पूजा-पाठ कराने की बात कही गई। शुरुआत में कथित तौर पर 40 ग्राम सोने की चेन और 3.85 लाख रुपये ले लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने धीरे-धीरे दंपती का विश्वास जीतकर उन्हें अपने प्रभाव में कर लिया।
फर्जी गुरुवर्य और काल्पनिक किरदारों का सहारा
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ठगी को अंजाम देने के लिए कई काल्पनिक किरदार बनाए थे। मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे कथित तौर पर अपनी आवाज बदलकर खुद को हैदराबाद के एक मठ का 108 वर्षीय गुरुवर्य बताता था। वहीं, अन्य आरोपी अलग-अलग नामों और पहचान के जरिए दंपती से बातचीत करते थे।
आरोपियों ने रमाबाई की हत्या और एक अन्य महिला के कामशेत में समाधि लेने जैसी झूठी कहानियां भी सुनाईं। इसके बाद दंपती को बताया गया कि उन्हें केवल गुरुवर्य के निर्देशों का पालन करना होगा, तभी परिवार पर मंडरा रहा खतरा दूर हो सकता है।
परिवार की जान जाने का डर दिखाकर संपत्ति हड़पी
आरोपियों ने कथित तौर पर घर में अघोरी पूजा कराई, काली गुड़िया रखी और नेपाल के साधु की भस्म तथा सिंदूर खाने के लिए दिया। दंपती को डराया गया कि उनकी संपत्ति पर डायन और बुरी शक्तियों का साया है। यदि बताए गए उपाय नहीं किए गए तो उनके पति और दोनों बेटों की जान को खतरा हो सकता है।
इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने दहिसर और बोरीवली स्थित चार फ्लैट बेचने के लिए कहा। इनकी बिक्री से मिले करीब 3.02 करोड़ रुपये कथित तौर पर हड़प लिए गए।
शेयर, बैंक जमा और कर्ज के जरिए भी ठगी
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दंपती से लगभग 1.60 करोड़ रुपये के शेयर भी बिकवा दिए। इसके अलावा बैंक और पोस्ट ऑफिस में जमा करीब 45 लाख रुपये निकलवा लिए गए। यहां तक कि घर का फर्नीचर भी अपने कब्जे में ले लिया गया।
मठ निर्माण के नाम पर दंपती को आठ प्रतिशत मासिक ब्याज पर एक सूदखोर से 45 लाख रुपये का कर्ज लेने के लिए भी मजबूर किया गया। शिकायत के अनुसार, इस कर्ज को चुकाने में दंपती के करीब 90 लाख रुपये खर्च हो गए।
पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को दर्ज शिकायत के आधार पर 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपों से जुड़े वित्तीय लेन-देन तथा अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है।

