23 Apr 2026, Thu

टीम इंडिया की कप्तान ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, वर्ल्ड कप से पहले किया बड़ा कारनामा

IND vs SA: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, बनीं महिला टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली कप्तान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के तहत साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। हालांकि टीम इंडिया के लिए यह दौरा अब तक चुनौतीपूर्ण साबित हुआ है, क्योंकि शुरुआती तीनों मुकाबलों में भारत को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है।

तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए। इसके बावजूद साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 16.3 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड

इस मुकाबले में अपनी अर्धशतकीय पारी के साथ हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इस सूची में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू को पीछे छोड़ दिया है।

हरमनप्रीत कौर ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर 138 मैचों में 125 पारियां खेली हैं और 32.79 की औसत से कुल 3017 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 1 शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं।

वहीं चमारी अटापट्टू 3016 रनों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (2619 रन), इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स (2529 रन) और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (2236 रन) इस सूची में आगे हैं।

वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की चिंता बढ़ी

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 12 जून से इंग्लैंड में होने जा रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के पास तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीन हार ने टीम मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासकर गेंदबाजी विभाग में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है।

अब टीम इंडिया की नजरें बाकी बचे मैचों में वापसी करने और वर्ल्ड कप से पहले अपनी कमजोरियों को सुधारने पर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *