अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस के घर बेटे का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी की जानकारी दंपति ने संयुक्त बयान जारी कर दी। बेटे के जन्म के साथ ही जेडी वेंस ने अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। बताया जा रहा है कि 150 से अधिक वर्षों में पहली बार किसी कार्यरत अमेरिकी उपराष्ट्रपति के घर पद पर रहते हुए बच्चे का जन्म हुआ है।
जेडी वेंस और उषा वेंस ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए बयान में बताया कि उन्होंने अपने नवजात बेटे का नाम एलेक नील वेंस (Alec Neil Vance) रखा है। दंपति ने कहा कि मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और परिवार के अन्य तीन बच्चे भी अपने छोटे भाई के आगमन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस खुशी के मौके पर सभी शुभचिंतकों का आभार भी व्यक्त किया।
अपने बयान में जेडी वेंस ने वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर और व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने गर्भावस्था से लेकर प्रसव तक हर कदम पर परिवार का पूरा सहयोग किया। वेंस ने डॉक्टरों और मेडिकल कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी देखभाल और समर्पण उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा।
उषा वेंस भारतीय मूल की हैं। उनका पूरा नाम उषा चिलुकुरी वेंस है और उनका परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश से संबंध रखता है। उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने वर्ष 2014 में विवाह किया। इससे पहले उनके तीन बच्चे हैं—इवान, विवेक और मिराबेल। अब चौथे बच्चे के रूप में एलेक नील वेंस का परिवार में स्वागत हुआ है।
इतिहास की बात करें तो इससे पहले 1870 में तत्कालीन अमेरिकी उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स के कार्यकाल के दौरान उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। इसके बाद अब करीब 155 वर्षों बाद किसी मौजूदा उपराष्ट्रपति के परिवार में बच्चे के जन्म की यह ऐतिहासिक घटना दर्ज हुई है।
गौरतलब है कि रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस लंबे समय से अमेरिका में परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की वकालत करते रहे हैं। वे कई सार्वजनिक मंचों पर मजबूत पारिवारिक मूल्यों और जनसंख्या वृद्धि के समर्थन में अपनी राय रख चुके हैं। ऐसे में उनके चौथे बच्चे का जन्म उनके विचारों के अनुरूप भी देखा जा रहा है।
जेडी वेंस के परिवार में आई इस नई खुशी पर राजनीतिक नेताओं, समर्थकों और आम लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, अमेरिकी राजनीति में यह घटना इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसने डेढ़ सदी से अधिक पुराने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड को फिर से जीवंत कर दिया है।

