घर में मेहमान आने वाले हों या बच्चों के लिए कुछ टेस्टी और अलग बनाना हो, तो क्रीमी मैकरोनी सलाद एक शानदार ऑप्शन हो सकता है। आमतौर पर मैकरोनी और पास्ता बच्चों को बहुत पसंद आते हैं, लेकिन ज्यादातर लोग इन्हें गर्म और मसालेदार तरीके से ही बनाते हैं। रेस्टोरेंट या बुफे में मिलने वाला ठंडा मैकरोनी सलाद खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, उसे घर पर बनाना भी उतना ही आसान है। खास बात यह है कि इसमें आप अपनी पसंद की सब्जियां डालकर इसे ज्यादा हेल्दी और रंग-बिरंगा बना सकते हैं।
मैकरोनी सलाद का क्रीमी टेक्सचर और ठंडा स्वाद इसे गर्मियों और पार्टी मेन्यू के लिए परफेक्ट बनाता है। बच्चों को सब्जियां खिलाने का भी यह एक आसान तरीका है, क्योंकि क्रीम और सॉस के साथ मिक्स होकर सब्जियों का स्वाद और भी अच्छा लगने लगता है। अगर आप घर आए मेहमानों को कुछ हल्का, ठंडा और अलग सर्व करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं।
मैकरोनी सलाद बनाने के लिए सामग्री
इस सलाद को बनाने के लिए आपको उबली हुई मैकरोनी, भुनी हुई जुकिनी, भुनी हुई गाजर, खीरा, पनीर, पिज्जा-पास्ता सॉस, लाल शिमला मिर्च, नमक, काली मिर्च, अजवायन, टोमेटो सॉस, शहद, रेड चिली सॉस या चिली ऑयल की जरूरत होगी। आप चाहें तो इसमें ब्रोकली, कॉर्न, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की अन्य सब्जियां भी मिला सकते हैं।
मैकरोनी सलाद बनाने की विधि
सबसे पहले सलाद का बेस तैयार करें। इसके लिए एक बड़ा बाउल लें और उसमें 4 कप भुनी हुई जुकिनी, ¾ कप भुनी हुई गाजर, ½ कप खीरा और ¾ कप उबली हुई मैकरोनी डालें। सभी चीजों को हल्के हाथों से मिक्स कर लें ताकि सब्जियां और मैकरोनी एकसाथ मिल जाएं।
अब क्रीमी ड्रेसिंग तैयार करें। इसके लिए एक ग्राइंडर जार में करीब 50 ग्राम लो फैट प्रोटीन पनीर डालें। इसमें पिज्जा-पास्ता सॉस, भुनी हुई और छिली हुई लाल शिमला मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें। अब सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करें, जब तक यह स्मूद और क्रीमी न हो जाए। यही ड्रेसिंग इस सलाद को रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देगी।
इसके बाद तैयार ड्रेसिंग में अजवायन, काली मिर्च, थोड़ा टोमेटो सॉस और हल्का शहद मिलाएं। अगर आपको हल्का तीखा स्वाद पसंद है, तो इसमें रेड चिली सॉस या चिली ऑयल भी डाल सकते हैं। अब इस ड्रेसिंग को मैकरोनी और सब्जियों वाले बाउल में डालकर अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि हर चीज पर क्रीमी कोटिंग आ जाए।
सलाद को सर्व करने से पहले कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। मलाईदार स्वाद के लिए ऊपर से थोड़ी फ्रेश क्रीम भी डाल सकते हैं। तैयार है ठंडा-ठंडा क्रीमी मैकरोनी सलाद।

