मुंबई और दिल्ली में खराब मौसम के कारण हवाई सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए एयर इंडिया ने दोनों शहरों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन जरूर चेक कर लें।
एयर इंडिया के अनुसार, मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और दिल्ली में आंधी के साथ बारिश की संभावना के कारण उड़ानों में देरी, डायवर्जन या समय में बदलाव हो सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह भी दी है, क्योंकि भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
मुंबई में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की गतिविधियां अगले 24 घंटों तक जारी रह सकती हैं। भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव, लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने और सड़कों पर ट्रैफिक जाम का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
दिल्ली में येलो अलर्ट
वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बारिश दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों को प्रभावित कर सकती है।
आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे मौसम में दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग पर असर पड़ सकता है।
15 फ्लाइट्स को किया गया था डायवर्ट
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुल 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया था। इनमें 10 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं। इन फ्लाइट्स को जयपुर और लखनऊ भेजा गया था।
दिल्ली और मुंबई देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में शामिल हैं। मॉनसून के दौरान इन दोनों एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से उड़ानों में देरी, गेट में बदलाव और डायवर्जन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। एयर इंडिया ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर देखने की अपील की है।

